ग्वालियर। ग्वालियर में टीआई पीटीएस तिघरा के खिलाफ झांसी रोड थाना में दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत 38 वर्षीय विधवा महिला ने दर्ज कराई है। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने फेसबुक के जरिए महिला से दोस्ती की, स्वयं को अविवाहित बताया और शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। जबकि वह पहले से शादीशुदा और दो बच्चों का पिता है।बताया गया है कि शहर की पॉश कालोनी में बुटीक का संचालन करने वाली महिला के पति का कुछ वर्ष पहले निधन हो गया था। इसके बाद से महिला अपने एक बच्चे के साथ जीवन गुजार रही है। कुछ वक्त पहले सोशल मीडिया पर उसकी पहचान टीआई रूपेश शर्मा से हुई। बातचीत बढऩे के साथ दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने अपनी शादी छिपाकर महिला को भरोसे में लिया और उससे शादी करने का वादा किया। इस दौरान इंस्पेक्टर उसके घर आया और शादी के नाम पर उसके साथ संबंध बनाए। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने शादी का आश्वासन देकर उसे शांत किया। बाद में जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया तो इंस्पेक्टर टालमटोल करने लगा। संदेह होने पर महिला ने जानकारी जुटाई, जिसमें पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है। सच्चाई सामने आने के बाद महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे धमकाया। इसके बाद महिला ने झांसी रोड थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दी। थाना प्रभारी ने मामले की जांच कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। जांच के बाद देर रात करीब 1 बजे आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ रेप का मामला दर्ज किया गया है।