जबलपुर. रेलवे ने अपने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में मंजूर किये गये कार्यों, सर्वे को जारी कर दिया है. जिसके तहत पश्चिम मध्य रेलवे में कई नई रेल लाइन सर्वे को मंजूरी दी है. जिसमें दमोह-हटा-खजुराहो और सागर-छतरपुर, खजुराहो-भोपाल नई लाइन शामिल है. इन सर्वेक्षण कार्य के लिए अच्छा-खासा बजट भी आवंटित किया गया है.
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड व विंध्य क्षेत्र में आजादी के बाद भी रेल नेटवर्क का नितांत अभाव है. लगातार आमजनों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों द्वारा भी इन क्षेत्रों में रेल नेटवर्क के विस्तार की मांग की जाती रही है. इसी क्रम में रेल मंत्रालय ने इन क्षेत्रों के लिये केंद्रीय बजट में नई रेल लाइनों के लिए सर्वेक्षण कराने की मंजूरी देते हुए इसके लिए फंड भी आवंटित किया गया है। माना जा रहा है कि सर्वे कार्य पूरा होने के बाद इस बात की उम्मीद रहेगी कि इन क्षेत्रों में नई रेल लाइन जरूरी बनेगी और ट्रेनें भी चलेंगी.
ये हैं पमरे व एमपी के प्रमुख सर्वे
1- दमोह - हटा नगर - खजुराहो के बीच नई लाइन के लिए प्रारंभिक इंजीनियरिंग सह यातायात सर्वेक्षण (125 किमी)
2- सागर - छतरपुर - खजुराहो - भोपाल के बीच नई लाइन के लिए प्रारंभिक इंजीनियरिंग सह यातायात सर्वेक्षण (320 किमी).
3 जयसिंह नगर और रीवा के बीच नई लाइन के लिए प्रारंभिक इंजीनियरिंग सह यातायात सर्वेक्षण (130 किमी).
4- झांसी - शिवपुरी - श्योपुर - सवाई माधोपुर के बीच नई लाइन के लिए प्रारंभिक इंजीनियरिंग सह यातायात सर्वेक्षण (290 किमी).
5- अमानगंज - पवई के बीच नई लाइन के लिए अंतिम स्थान सर्वेक्षण.
6- देवेंद्रनगर-अमानगंज (54 किमी) के बीच नई लाइन के लिए अंतिम स्थान सर्वेक्षण.
7- मक्सी - हरदा नई लाइन के लिए प्रारंभिक इंजीनियरिंग सह यातायात सर्वेक्षण (140 किमी).
8- झांसी - शिवपुरी - श्योपुर - सवाई माधोपुर के बीच नई लाइन के लिए प्रारंभिक इंजीनियरिंग सह यातायात सर्वेक्षण (290 किमी).
