जबलपुर. पमरे के जबलपुर रेल मंडल के अंतर्गत रीवा रेलवे स्टेशन पर आज 23 अप्रैल गुरूवार को गाड़ी संख्या 20154/20153 रीवा-सीएसएमटी (मुंबई) एक्सप्रेस को नियमित सेवा के रूप में प्रारंभ किया गया। यह क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय सांसद, रीवा श्री जनार्दन मिश्रा उपस्थित रहे। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री आनंद कुमार एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक 2 श्री शशांक गुप्ता, एएससी श्री बी.पी. कुशवाहा सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
इस ट्रेन के नियमित संचालन से रीवा क्षेत्र को मुंबई (सीएसएमटी), एवं जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों से सीधा रेल संपर्क प्राप्त हुआ है, जिससे क्षेत्र में आवागमन, व्यापार, शिक्षा एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। यह गाड़ी दोनों दिशाओं में जबलपुर रेल मंडल के रीवा, सतना, मैहर, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, गाडरवारा, पिपरिया स्टेशनों पर रुककर गंतव्य को जाएगी।
कोच संरचना: कुल 24 कोच (एसी, स्लीपर, जनरल एवं दिव्यांगजन कोच सहित)
अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री आनंद कुमार ने स्वागत भाषण में सभी प्रतिनिधियों, अतिथिगण, मीडिया प्रतिनिधिगण एवं उपस्थित सभी सम्मानित नागरिकों का जबलपुर रेल मंडल की ओर से हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जबलपुर रेल मंडल सदैव यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है।
माननीय सांसद, रीवा जनार्दन मिश्रा ने इसे ऐतिहासिक दिन बताया
माननीय सांसद रीवा श्री जनार्दन मिश्रा जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज का दिन रीवा एवं आसपास के क्षेत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक है। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा इस ट्रेन की मांग की जा रही थी, जो आज पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन केवल एक परिवहन सुविधा नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास का माध्यम है। इसके माध्यम से क्षेत्र के लोगों को मुंबई जैसे महानगर एवं जबलपुर जैसे औद्योगिक शहरों से सीधा संपर्क मिलेगा, जिससे व्यापार, रोजगार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।
उन्होंने भारतीय रेलवे एवं जबलपुर रेल मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रेलवे द्वारा जनसुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए लगातार सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि भविष्य में क्षेत्र के विकास एवं रेल सुविधाओं के विस्तार हेतु वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
अंत में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक 2 श्री शशांक गुप्ता ने सभी अतिथियों, मीडिया प्रतिनिधियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास एवं तालियों की गडग़ड़ाहट के बीच हुआ।

