जबलपुर। जबलपुर-कटनी रेल ट्रेक पर आज इंद्रजीत पटेल नामक युवक की क्षत-विक्षत हालत में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। खबर मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंच गई। जिन्होने शव की शिनाख्त कराई तो माधव नगर के ग्राम चरवाही निवासी इंद्रजीत के रुप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए, जिनका कहना था कि इंद्रजीत दो दिन पहले रिश्तेदारी में आयोजित तिलक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गया था, उसकी हत्या कर लाश को फेंका गया है, ताकि आत्महत्या समझा जाए।
पुलिस को पूछताछ में परिजनों ने बताया कि इंद्रजीत पिता राम रतन पटेल 21 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे ग्राम जुहला में रिश्तेदार के घर आयोजित तिलक समारोह में शामिल होने के लिए निकला था। जब वह देर रात तक घर नहीं आया तो परिजन चितिंत हो गए, उन्होने अपने स्तर पर तलाश की लेकिन इंद्रजीत का कहीं पता नहीं चल सका। आज सुबह जबलपुर टे्रक पर पटरिया के बीच इंद्रजीत की क्षतविक्षत हालत में लाश मिली, जिसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई तो इंद्रजीत के रुप में पहचान हुई। खबर मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। सपरिजनों ने घटना पर गंभीर संदेह व्यक्त किया। उनका आरोप है कि इंद्रजीत तिलक समारोह में खुशी-खुशी गया था और उसकी मौत सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को पीएम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद जो भी तथ्य सामने आएगे, उस आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।