दमोह। दमोह स्थित रेलवे स्टेशन के बाहर उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब सीएसपी के ड्राइवर आरक्षक रविंद्र अहिरवार पर बदमाशों ने हमला कर दिया। अचानक किए गए हमले में आरक्षक रविंद्र के शरीर पर गंभीर चोटें आई। जिन्हे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वारदात उस समय हुई है जब वे अपने भाई को लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचे थे।
दमोह सीएसपी एचआर पांडेय के ड्राइवर आरक्षक रविंद्र अहिरवार ने बताया कि वे रात वह अपने भाई को लेने रेलवे स्टेशन गए थे। इसी दौरान, चाय पीने के लिए स्टेशन के पास पहुंचे, जहां कुछ लोग पुलिस को गालियां दे रहे थे। जब ड्राइवर ने उन्हें ऐसा करने से रोका, तो करीब पांच लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावर खुद को राजा राय के आदमी बता रहे थे। ड्राइवर ने एक हमलावर को पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद बाकी हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रविंद्र को जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली टीआई मनीष कुमार और सीएसपी एचआर पांडे भी अस्पताल पहुंचे और घायल आरक्षक से घटना के बारे में जानकारी ली। पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।