khabar abhi tak

चालान कटवाने की जल्दबाजी पड़ी महंगी,पकड़ी गई चोरी



नंबर प्लेट की अधूरी लिखावट ने खोला वाहन चोरी का राज

जबलपुर । रविवार रात करीब 10 बजे छोटी लाइन चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस की चेकिंग के दौरान वाहन चोरी का एक बड़ा मामला उजागर हुआ। चेकिंग के वक्त शराब के नशे में एक व्यक्ति दुकान से बाहर निकला, जिसकी नो पार्किंग में खड़ी बाइक को लेकर पुलिस ने चालान काटने की प्रक्रिया शुरू की। व्यक्ति बिना किसी विरोध के तुरंत चालान भरने को तैयार हो गया, लेकिन उसकी इस जल्दबाजी ने आरक्षक वीरेंद्र को संदेह में डाल दिया। गौर से देखने पर बाइक क्रमांक एमपी 20 एमएक्स 737 की नेम प्लेट पर चार के बजाय केवल तीन अंक ही नजर आए। संदेह गहराने पर आरक्षक ने तुरंत ट्रैफिक टीआई इंदिरा ठाकुर को इसकी सूचना दी।पूछताछ में युवक ने अपना नाम विजय निवासी गढ़ा बताया। उसने पुलिस को जानकारी दी कि यह बाइक उसने रामपुर निवासी राजेश से 20 हजार रुपए में खरीदी थी, लेकिन वह राजेश का सटीक पता और गाड़ी के दस्तावेज पेश नहीं कर सका। जब पुलिस ने मौके पर ही बाइक के चेसिस नंबर का मिलान किया, तो पता चला कि बाइक पर फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर डाला गया था। वाहन के असली मालिक से संपर्क करने पर खुलासा हुआ कि यह बाइक 2 साल पहले रामपुर क्षेत्र से चोरी हुई थी और इसकी रिपोर्ट भी दर्ज थी। एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर डीएसपी बीएन प्रजापति, टीआई इंदिरा ठाकुर, सूबेदार मनीष प्यासी और आरक्षक वीरेंद्र की इस कार्रवाई के बाद आरोपी और बाइक को गोरखपुर थाने भेज दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak