khabar abhi tak

एसपी की पाठशाला:पुलिस और बैंकिंग क्षेत्र में चमके जबलपुर के युवा, पुलिस विभाग की शैक्षणिक पहल लाई रंग


पुलिस की निशुल्क कोचिंग से 63 युवाओं का सरकारी सेवा में चयन, डीआईजी ने किया पुरस्कृत

जबलपुर। जबलपुर पुलिस लाइन में संचालित एस.पी. की पाठशाला के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 63 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न सरकारी विभागों में हुआ है। इन सफल उम्मीदवारों को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक अतुल सिंह और पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर प्रोत्साहित किया। यह निशुल्क कोचिंग संस्थान पुलिस परिवार के बच्चों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं को करियर निर्माण के लिए एक सशक्त मंच प्रदान कर रहा है।

​विभिन्न सुरक्षा बलों और बैंकिंग क्षेत्र में हुआ अभ्यर्थियों का चयन

​इस वर्ष चयनित हुए 63 अभ्यर्थियों में से सर्वाधिक 53 उम्मीदवारों ने मध्य प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल के पद पर सफलता प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त 4 अभ्यर्थियों का चयन बीएसएफ और आरपीएफ में कांस्टेबल के पद पर हुआ है। बैंकिंग क्षेत्र में भी संस्थान के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है, जिसमें 1 अभ्यर्थी ग्रामीण बैंक में पी.ओ. और 1 अभ्यर्थी इंडियन बैंक में क्लर्क के पद पर नियुक्त हुआ है। शिक्षा विभाग में वर्ग-3 के पद पर 3 अभ्यर्थियों ने स्थान बनाया है, जबकि 1 अभ्यर्थी का चयन दिल्ली पुलिस में आरक्षक के पद पर हुआ है।

​वर्ष 2021 से अब तक 309 विद्यार्थी हासिल कर चुके हैं शासकीय सेवा

​एस.पी. की पाठशाला वर्ष 2020 से निरंतर संचालित हो रही है। संस्थान के ट्रैक रिकॉर्ड के अनुसार वर्ष 2021 में 8, वर्ष 2022 में 41, वर्ष 2023 में 32 और वर्ष 2024 में 43 विद्यार्थियों ने सफलता पाई थी। वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 102 तक पहुंच गई और वर्ष 2026 में अब तक 83 अभ्यर्थी चयनित हो चुके हैं। इस प्रकार पिछले पांच वर्षों में कुल 309 युवाओं ने इस निशुल्क मार्गदर्शन के माध्यम से शासकीय सेवाओं में प्रवेश पाया है। वर्तमान में भी 72 विद्यार्थी थ्योरी क्लास और 48 विद्यार्थी फिजिकल क्लास में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

​अनुभवी शिक्षकों और पुलिस अधिकारियों द्वारा दी जा रही है नि:शुल्क शिक्षा

​संस्थान में विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। इनमें डॉ. आशीष यादव नागरिक शास्त्र, विकास तिवारी इतिहास, कमलेश इंगले एडवांस मैथ्स, नीलेश इंगले रीजनिंग, आशीष साहू अंग्रेजी, रोहित कुशवाह अर्थशास्त्र और अंकित चक्रवर्ती योग का प्रशिक्षण दे रहे हैं। पुलिस विभाग की ओर से रक्षित निरीक्षक जय प्रकाश आर्य के निर्देशन में सूबेदार योगेश चौकसे, प्रधान आरक्षक भूपेन्द्र पटेल, आरक्षक सतीश डेहरिया, रमन पटेल, जय प्रकाश तिवारी, राहुल ठाकुर, नीतेश श्रीवास, महिला आरक्षक दीक्षा सिंह और सुशांत पटेल द्वारा गणित, हिंदी, भूगोल, विज्ञान और शारीरिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इस प्लेटफॉर्म को और बेहतर बनाएंगे

​सम्मान समारोह के दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक अतुल सिंह ने चयनित युवाओं के परिश्रम की सराहना करते हुए इसे पुलिस विभाग की एक अभिनव पहल बताया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने भविष्य में इस प्लेटफार्म को और अधिक बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा, रक्षित निरीक्षक जय प्रकाश आर्य सहित समस्त प्रशिक्षक, चयनित अभ्यर्थी और उनके परिजन मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उन युवाओं को भी निरंतर मेहनत करने की सीख दी जो इस बार सफल नहीं हो सके।


Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak