जबलपुर। शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 07 में डीजे का शोर कम करने की बात पर विवाद हो गया। यहां रहने वाले आदर्श ठाकुर और उनके पिता ने पड़ोस में बज रहे तेज संगीत को बंद करने का आग्रह किया था। वर्तमान में कॉलेज परीक्षाएं चलने के कारण छात्र को पढ़ाई में समस्या हो रही थी। इस सामान्य से अनुरोध पर पड़ोसी भड़क गए और उन्होंने परिवार पर हमला कर दिया। बीती रात करीब 11:30 बजे हेमंत गौड़ के घर में हल्दी का कार्यक्रम चल रहा था। वहां डीजे संचालक विजय नामदेव काफी तेज आवाज में संगीत बजा रहा था। जब आदर्श और उसके पिता ने आपत्ति जताई, तो यशवंत उर्फ गद्दार, प्रभु गौड़ और ओमकार गौड़ ने उन्हें घर से बाहर निकलने की चुनौती दी। बाहर आते ही आरोपियों ने उन पर लात-घूसों से हमला कर दिया। इस मारपीट में आदर्श के कंधे और पीठ पर चोटें आई हैं, जबकि उसके पिता की आंख और पसली में गंभीर अंदरूनी चोटें पहुंची हैं।
बीच-बचाव करने आई छात्रा के साथ बदसलूकी
विवाद बढ़ता देख मानकुंवर बाई महाविद्यालय में पढ़ने वाली छात्रा दीक्षा ठाकुर अपने पिता और भाई को बचाने के लिए दौड़ी। इस दौरान आरोपी सतीश गौड़ ने छात्रा के साथ भी मारपीट की। सतीश ने दीक्षा के बाल पकड़कर उसे पीटा, जिससे उसकी टी-शर्ट फट गई। घटना के बाद आरोपियों ने पीड़ित परिवार को पुलिस के पास जाने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। हालांकि, परिवार ने हिम्मत जुटाकर थाने में आपबीती सुनाई। पुलिस ने आदर्श ठाकुर की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
