जबलपुर। जिला चिकित्सालय विक्टोरिया में प्रशासनिक फेरबदल के तहत वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर नवीन कोठारी ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के रूप में अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनके कार्यभार संभालने के अवसर पर अस्पताल परिसर में एक औपचारिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अधिकारियों और अधीनस्थ कर्मचारियों ने डॉक्टर कोठारी का आत्मीय स्वागत किया। उपस्थित स्टाफ ने उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।पदभार ग्रहण करने के पश्चात डॉक्टर नवीन कोठारी ने अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य शासकीय सेवाओं को पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ आम जनता तक पहुंचाना है। चिकित्सा विभाग के अंतर्गत आने वाली प्रशासनिक और तकनीकी समस्याओं की पहचान कर उनका समय पर निराकरण किया जाएगा ताकि मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो। डॉक्टर कोठारी ने स्वास्थ्य विभाग के समस्त अमले को अनुशासन और सेवा भाव के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि विक्टोरिया अस्पताल सहित जिले की समस्त स्वास्थ्य इकाइयों में चिकित्सकों और कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर उन्होंने सकारात्मक रोडमैप तैयार करने की बात कही। इस अवसर पर चिकित्सालय प्रबंधन के वरिष्ठ सदस्य और कार्यालयीन कर्मचारी मौजूद रहे।
