पुलिस के अनुसार भेड़ाघाट निवासी भारतपुरी पिता गणेशपुरी गोस्वामी बड़वारा के ग्राम मुड़हरा में अपने रिश्तेदार के घर आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए आया था। शादी के बाद आज दोपहर भारतपुरी आटो में बैठकर कटनी जाने के लिए निकला। आटो जब पोनियां गांव से आगे बढ़ रहा था, इस दौरान अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे आटो में सवार भारतपुरी गोस्वामी व एक अन्य यात्री गिरकर आटो के नीचे दब गए, जिससे दोनों के शरीर पर गंभीर चोटें आई। आसपास के ग्रामीणों ने देखा तो दोनों को निकालकर शासकीय अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने भारतपुरी गोस्वामी को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल की हालत को देखते हुए भरती कर लिया है। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूछताछ के बाद मृतक के परिजनों को खबर दी। वहीं घटना की खबर से शादी वाले घर में भी मातम छा गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाकर मर्ग कायम कर लिया है।