khabar abhi tak

किराये को लेकर विवाद: जबलपुर में फायरिंग कर फैलाई दहशत, चार पर मामला दर्ज

 


जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगेला नया मोहल्ला में पुरानी रंजिश और भूसा ढुलवाने के विवाद को लेकर मारपीट और फायरिंग की सनसनीखेज घटना घटित हुई है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। मदनमहल के कमला नेहरू नगर निवासी 28 वर्षीय राहुल पटेल भूसा मशीन संचालित करने का कार्य करता है। घटना वाली रात वह अपने मामा विकास कुशवाहा के साथ मंगेला नया मोहल्ला में ट्रैक्टर की प्रतीक्षा कर रहा था। उसी समय पुराना विवाद रखने वाला मिलन यादव अपने साथी बब्बू यादव और दो अन्य मददगारों के साथ वहां पहुंचा। मिलन ने राहुल को अपने घर मुफ्त में भूसा छोड़ने के लिए दबाव बनाया। जब राहुल ने प्रति ट्रॉली 3 हजार रुपये किराये की मांग की, तो आरोपी आक्रोशित हो गए और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए।

​धारदार हथियार से हमला और दहशत के लिए फायरिंग

​विवाद बढ़ने पर दो अज्ञात युवकों ने विकास कुशवाहा को दबोच लिया, जबकि मिलन यादव ने अपने पास मौजूद फरसा बब्बू यादव को पकड़ा दिया। बब्बू ने राहुल पर जानलेवा हमला करने का प्रयास किया, जिससे बचाव के दौरान राहुल के सीने में चोट आई। जब पीड़ित पक्ष अपनी जान बचाकर भागने लगा, तब आरोपियों ने क्षेत्र में दहशत फैलाने के उद्देश्य से पिस्टल से हवाई फायरिंग की और जान से मारने की धमकी दी। इस संघर्ष में राहुल के हाथ-पैर और विकास के माथे व पैर में गंभीर चोटें आई हैं। माढ़ोताल पुलिस ने विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak