khabar abhi tak

नर्मदा एवेन्यू अपार्टमेंट में बदमाशों का हमला, नेताओं के डर से पुलिस चुप

 


जबलपुर। गोरखपुर थाना अंतर्गत नर्मदा एवेन्यू अपार्टमेंट में देर रात बदमाशों ने जमकर हंगामा किया। लगभग 10 से 12 की संख्या में आए नशे में धुत असामाजिक तत्वों ने जबरन बिल्डिंग में घुसकर तोफोड़ की और वहां रहने वाले लोगों के साथ अभद्रता की। इस घटना के बाद से पूरे परिसर में डर का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।

​सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट और अभद्रता

​नर्मदा एवेन्यू अपार्टमेंट के रहवासियों के अनुसार विगत रात करीब 11:10 बजे शैवाल नायक उर्फ बमबम और आशीष कुमार दास अपने अन्य साथियों के साथ परिसर में दाखिल हुए। इन लोगों ने वहां तैनात सुरक्षाकर्मी संजय झारिया के साथ मारपीट की। बदमाशों ने महिलाओं और बच्चों के सामने ही सुरक्षाकर्मी को अपमानित किया और पूरे परिसर में घूम-घूम कर लोगों को डराने का प्रयास किया। बदमाशों द्वारा की गई इस गुंडागर्दी की पूरी वारदात अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में आरोपी स्पष्ट रूप से गाली-गलौज और मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। रहवासियों ने साक्ष्य के तौर पर यह फुटेज पुलिस को भी उपलब्ध करा दिया है। इसके बावजूद अब तक किसी भी नामजद आरोपी की गिरफ्तारी न होने से लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

​पुलिस सहायता मिलने में हुई देरी

​पीड़ितों का कहना है कि घटना के दौरान रात 11:16 बजे पुलिस हेल्पलाइन नंबर 100 और 112 पर कॉल करके सूचना दी गई थी। इसके काफी देर बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक स्थिति काफी बिगड़ चुकी थी। स्थानीय निवासियों ने 15 जनवरी से लेकर 10 अप्रैल तक पुलिस अधीक्षक और नगर निगम के पास कई लिखित शिकायतें भेजी हैं, परंतु हर बार कार्रवाई अधूरी ही रही। सुरक्षाकर्मी संजय झारिया ने अनुसूचित जाति से होने के कारण अजाक थाने में भी मामले की शिकायत दर्ज कराई है। गंभीर धाराओं में मामला दर्ज होने के बाद भी आरोपियों के खुलेआम घूमने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर संदेह जताया जा रहा है। रहवासियों का आरोप है कि हमलावरों के राजनीतिक संबंध मजबूत होने के कारण प्रशासन उन पर हाथ डालने से बच रहा है। अपार्टमेंट के परिवारों ने तत्काल आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak