छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा में एक शादी समारोह में वरमाला की रस्म शुरु ही होने वाली थी कि इस बीच प्रेमी पहुंच गया, जिसे देख दुल्हन ने स्टेज कूदकर दौड़ते हुए पहुंची और प्रेमी के गले में माला डाल दी। दुल्हन को प्रेमी के गले में वरमाला डालते देख दूल्हा स्तब्ध रह गया। इस घटना के बाद वर व वधु पक्ष के बीच जमकर मारपीट हो गई। वहीं मेहमान इस नजारे को देख कुछ देर के लिए हतप्रभ रह गए थे। वर पक्ष ने इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई।
बताया गया है कि छिंदवाड़ा के उमरेठ में भलावी परिवार की बारात परासिया से मुजावर गांव पहुंची थी। यहां बारात का स्वागत हुआ, आतिशबाजी की गई। फिर मेहमान भोजन के लिए स्टॉल्स पर पहुंचे। इसी बीच दूल्हा स्टेज पर पहुंचा। वरमाला की रस्म की तैयारी होने लगी। कुछ देर में दुल्हन भी स्टेज पर आई। वरमाला हाथ में लेकर इधर-उधर देखा, फिर स्टेज से दौड़ लगा दी। दुल्हन को स्टेज से कूदकर दौड़ते देख लोग कुछ समझ पाते इससे पहले वह पंडाल में खड़े अपने प्रेमी से लिपट गई और उसके गले में माला डाल दी। ये देखकर मौके पर मौजूद हर शख्स सकते में आ गया। दुल्हन के परिजन ने प्रेमी को पकड़ लिया। उसकी पिटाई कर दी। उसे पाडाल से बाहर भगा दिया। इसके बाद बाराती और घरातियों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच हाथापाई हो गई। दूल्हे ने शादी करने से इनकार कर दिया। बारात बिना शादी के ही वापस लौट गई।
दो साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग-
बताया गया है कि दुल्हन का प्रेम प्रसंग दो साल से चल रहा था। इसकी जानकारी परिवार के लोगों को थी। परिवार के दबाव में युवती शादी के लिए तैयार हो गई थी, लेकिन शादी के दिन प्रेमी को देखते ही उसने इरादा बदल लिया। फिलहाल, दुल्हन अपने परिजन के साथ घर पर ही है।
गहने, अंगूठी और मोबाइल वापस लिए-
मामले में वर पक्ष ने सामाजिक सम्मान और आर्थिक नुकसान होने की बात कही। वधु पक्ष से गहने, अंगूठी और मोबाइल वापस ले लिए। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Tags
chhindwada