जबलपुर। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के जबलपुर सिटी सर्किल में सुरक्षा उपकरणों की कमी को लेकर मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ ने कड़ा रुख अपनाया है। संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा से मुलाकात कर समस्याओं का समाधान मांगा। मुलाकात के दौरान हरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि सिटी सर्किल में कार्यरत नियमित, संविदा और आउटसोर्स लाइन कर्मियों को हैंड ग्लव्स, बांस की सीढ़ी, प्लास, टेस्टर, झूला, पाना और हेलमेट जैसे सुरक्षा उपकरण समय पर नहीं मिल रहे हैं। इसके साथ ही सब स्टेशनों में फर्स्ट ऐड बॉक्स, ऑपरेटिंग रॉड, डिस्चार्ज रॉड और अग्निशमन यंत्र जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं का घोर अभाव है। इस पर अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने आश्वासन दिया कि कर्मचारियों से जानकारी जुटाकर जल्द ही सभी को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
दुर्घटना जांच और लंबित भत्तों का समाधान
बैठक में उत्तर संभाग में कार्यरत एक आउटसोर्स कर्मचारी की कार्य के दौरान मृत्यु होने पर उनके आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने का मुद्दा भी उठाया गया। इस पर अधीक्षण अभियंता ने जानकारी दी कि इसके आदेश जारी किए जा चुके हैं और हादसे की गहन जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। कर्मचारियों के एक्स्ट्रा वेजेज और नाइट ड्यूटी अलाउंस के मुद्दे पर स्पष्ट किया गया कि कार्यपालन अभियंताओं की रिपोर्ट के आधार पर इनका भुगतान किया जा रहा है। संघ ने कर्मचारियों को बेवजह निलंबित करने, शोकॉज नोटिस देने और वेतन वृद्धि रोकने के आदेशों को वापस लेने की मांग की। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि नियमों के उल्लंघन पर ही कार्रवाई की गई है, लेकिन भविष्य में ऐसे मामलों में शिथिलता बरती जाएगी। उन्होंने अन्य समस्याओं का भी जल्द समाधान करने का भरोसा दिलाया। इस महत्वपूर्ण चर्चा के दौरान संघ की ओर से राजकुमार सैनी, मोहन दुबे, दशरथ शर्मा, जानकी प्रसाद त्रिपाठी और विनोद दास सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
