khabar abhi tak

मक्का नगर में 23 किलोवाट की भारी बिजली चोरी पकड़ी, 12 ई-रिक्शा चार्ज होते मिले,कसा शिकंजा

अमखेरा और मक्का नगर में बिजली चोरी पर बड़ी कार्रवाई,रात भर चली छापेमारी

जबलपुर। मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के शहर संभाग के अंतर्गत बिजली चोरी रोकने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तर संभाग के अमखेरा और मक्का नगर क्षेत्र में दबिश देकर बड़े पैमाने पर अवैध तरीके से बिजली का उपयोग पकड़ा गया है। विभाग की टीम ने रात्रि कालीन चेकिंग के दौरान इन क्षेत्रों में दबिश दी जहाँ एंब्रॉयडरी कारखाने और ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन पर सीधे तार डालकर और मीटर बाईपास कर बिजली उपयोग की जा रही थी। अधिकारियों ने मौके से सामग्री जब्त कर प्रकरण दर्ज किया है। शहर के अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने अपनी टीम के साथ रात भर कार्रवाई की।

​अमखेरा रोड स्थित एंब्रॉयडरी कारखाने में छापेमारी


विद्युत विभाग के दल ने रात लगभग 9.30 बजे न्यू रामनगर अमखेरा रोड क्षेत्र में निरीक्षण किया। यहाँ अंशुमन मुद्गल के परिसर में किराएदार दिलशाद अंसारी पिता बाबू सलाम द्वारा एंब्रॉयडरी का कारखाना संचालित किया जा रहा था। जांच में पाया गया कि उपभोक्ता द्वारा सर्विस लाइन को अवैध तरीके से टेंपर किया गया था और मीटर को बाईपास कर सीधे कारखाने की मशीनों में बिजली की आपूर्ति की जा रही थी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने तत्काल बिजली संबंध विच्छेद कर मीटर और सर्विस लाइन को अपने कब्जे में ले लिया। इस कार्रवाई के दौरान जब्तीनामा बनाकर आगामी वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

​मक्का नगर में ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट पर दबिश

​एक अन्य बड़ी कार्रवाई मक्का नगर के रजा चौक स्थित गली नंबर 2 में की गई। यहाँ उपभोक्ता मोहम्मद नियाज़ मंसूरी के परिसर में औचक निरीक्षण किया गया। विभाग को यहाँ बड़े स्तर पर बिजली लोड होने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि तीन फेस के मीटर कनेक्शन में से दो फेस को डायरेक्ट कर बिजली चोरी की जा रही थी। मौके पर लगभग 12 ई-रिक्शा चार्जिंग की स्थिति में पाए गए। मीटर की जांच करने पर वहाँ 23 किलोवाट की मैक्सिमम डिमांड दर्ज की गई, जो स्वीकृत भार से काफी अधिक थी।

​कम्पनी को रेवेन्यू का भारी नुकसान,अब वसूली होगी

​इन दोनों बड़ी कार्रवाइयों का नेतृत्व शहर के अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने किया। अमखेरा में की गई कार्रवाई के दौरान उनके साथ सहायक अभियंता आदित्य चौबे, आईटी मैनेजर अमित सिंह और अन्य तकनीकी कर्मचारी उपस्थित थे। वहीं मक्का नगर में हुई छापामार कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता विकास सिंह और कनिष्ठ अभियंता मधुर सेलेवाह मुख्य रूप से मौजूद रहे। श्री अरोरा ने स्पष्ट किया है कि व्यवसायिक क्षेत्रों में इस तरह की चोरी से राजस्व की बड़ी हानि हो रही है, जिसे रोकने के लिए आने वाले दिनों में भी इसी तरह की आकस्मिक जांच जारी रहेगी।विभागीय टीम ने दोनों ही स्थानों से अवैध तरीके से उपयोग किए जा रहे बिजली उपकरणों और तारों को जब्त किया है। अधिकारियों के अनुसार चोरी की गई बिजली का मूल्यांकन किया जा रहा है, जिसके आधार पर संबंधित उपभोक्ताओं पर भारी जुर्माना लगाया जाएगा। 

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak