जबलपुर/कटनी। पमरे के जबलपुर रेल मंडल के कटनी-बीना रेलखंड पर सिग्नल सिस्टम से जुड़ी कीमती कॉपर वायर चोरी की घटना सामने आयी है, जिससे सिग्नलिंग व्यवस्था ठप पड़ गई. इस घटना से इस रेल खंड पर ट्रेनों का संचालन भी बाधित रहा. ट्रेनों को कॉशन ऑर्डर पर चलाया गया।
आरपीएफ के मुताबिक 5 अप्रैल से 8 अप्रैल के बीच अज्ञात बदमाशों ने कटनी मुडवारा रेलवे स्टेशन से लेकर न्यू मझगवां फाटक तक रेलवे सिग्नलिंग सिस्टम में लगी कॉपर वायर को निशाना बनाया। यह वायर ट्रेनों के सुरक्षित संचालन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
4-5 रेल सिग्नलों को पहुंचा नुकसान, कॉशन पर चलाई गाडिय़ां
बताया जा रहा है कि चोरों ने इस दौरान 4 से 5 सिग्नलों को नुकसान पहुंचाते हुए वहां से कॉपर वायर निकाल ली। इस वजह से संबंधित रेलखंड पर सिग्नल सिस्टम बाधित हो गया, जिससे ट्रेनों को सामान्य गति से चलाना संभव नहीं रहा। रेलवे प्रशासन को तत्काल 'कॉशन ऑर्डरÓ जारी करना पड़ा, जिसके तहत ट्रेनों को बेहद धीमी गति से सावधानीपूर्वक चलाया गया। इस घटना के कारण चार मालगाडिय़ां और दो यात्री ट्रेनें प्रभावित हुईं। इनमें पैसेंजर ट्रेनें भी शामिल थीं, जो अपने निर्धारित समय से देरी से अपने गंतव्य के लिए रवाना हुईं।
इस गैंग ने की थी वारदात
आरपीएफ पोस्ट प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि इस मामले में मुख्य आरोपी आंशु उर्फ आलियाश, निवासी भट्टा मोहल्ला, सहित उसके गैंग के तीन अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई सिग्नल कॉपर वायर भी बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आरपीएफ एक्ट और रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं इस गिरोह से जुड़े एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
