khabar abhi tak

एमपी : तालाब में नहाने गए थे 6 दोस्त, 3 की डूबकर मौत, तीनों घर के इकलौते बेटे थे

अशोकनगर. एमपी के अशोकनगर जिले में  3 नाबालिग दोस्तों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। सोमवार 6 अप्रैल की दोपहर तीनों मौज-मस्ती के लिए तालाब गए थे, लेकिन नहाते वक्त कुछ ही पलों में गहराई में समा गए। मामला नई सराय थाना क्षेत्र का है।

मृतकों की पहचान मयंक (16) पिता अवधेश रघुवंशी, देव (16) पिता राकेश रघुवंशी और ओम (15) पिता सतीश रघुवंशी के रूप में की गई है। तीनों अजलेश्वर गांव के हैं। तीनों नाबालिग अपने-अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे।

सभी दोस्त बाइक से गए थे नहाने

ग्रामीणों के मुताबिक तालाब गांव से लगभग डेढ़ से 2 किलोमीटर दूर है। वहां काफी पानी भरा हुआ था। अक्सर कई लोग उसमें नहाने के लिए जाते थे। यह सभी दोस्त भी अलग-अलग बाइक से नहाने के लिए गए हुए थे। घटना दोपहर करीब 12 से 12:30 के बीच हुई।

दोस्तों ने सूचना दी, तब तक बहुत देर हो चुकी थी

मृतकों के दोस्तों के मुताबिक, तीनों दोस्त नहाते वक्त अचानक गहराई की ओर बढऩे लगे थे। वे संतुलन खो बैठे और डूबने लगे। दोस्तों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन ज्यादा गहराई के कारण वे डर गए और बाहर निकल आए। घटना के बाद अन्य लड़के घबराकर गांव भागे और परिजनों को सूचना दी। देखते ही देखते गांव के लोग मौके पर जुट गए। ग्रामीणों ने तलाश शुरू की, लेकिन गहराई और सीमित संसाधनों के कारण सफल नहीं हो सके।

एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू किया

ग्रामीणों ने नई सराय थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता देखते हुए एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। कुछ देर बाद टीम पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने मशक्कत के बाद तालाब से तीनों किशोरों के शव निकाले। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak