छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा के जिला अस्पताल परिसर में आज दोपहर के वक्त हड़कम्च मच गया, जब एक युवती प्रेमी से बात न होने पर पांचवी मंजिल पर पहुंचकर आत्महत्या की धमकी देने लगी। युवती फिनाइल पीकर चढ़ी और छज्जे पर खड़ी होकर कूदने की धमकी दे रही थी।
बताया गया है कि युवती ने एक युवक से प्रेम संबंधों के चलते फिनाइल पी लिया। जिसके चलते परिजन इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, अस्पताल में इलाज के दौरान युवती की युवक से बात नहीं हो पाई, तो वह आक्रोशित हो गई। गुस्से में वह पांचवीं मंजिल के छज्जे पर जाकर खड़ी हो गई और आत्महत्या करने की धमकी देने लगी। युवती को छज्जे पर खड़ा देखकर अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। नीचे मरीजों और उनके परिजनों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वहां मौजूद परिजनों और अन्य लोगों ने युवती को समझाना शुरू किया। करीब 15 मिनट तक चले मान-मनौव्वल के बाद युवती छज्जे से नीचे उतरने को तैयार हुई, जिसके बाद मामला शांत हुआ। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान किसी व्यक्ति ने युवती का वीडियो बना लिया, जो अब सामने आया है। हालांकि मामले में कोतवाली थाने में अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।