khabar abhi tak

शादी से लौट रही वैन ट्रेलर से टकराई, 5 की मौके पर मौत, कई गंभीर

मुंबई. महाराष्ट्र के भंडारा जिले में गुरुवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें शादी समारोह से लौट रहे कम से कम पांच बारातियों की मौत हो गई। इस दिल दहला देने वाली घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस के अनुसार, पवनी तालुका के सौंदड के पास तेज रफ्तार वैन का टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रेलर ट्रक से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, भंडारा के कोंडा कोसरा इलाके में एक शादी समारोह में शामिल होकर बाराती वैन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक वैन का एक टायर फट गया, जिससे चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। जिसके चलते तेज रफ्तार वैन सीधे सामने चल रहे ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।

4 महिलाओं समेत 5 की मौके पर मौत

इस हादसे में वैन में सवार चार महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान दुर्गा देवराम नांगरे, नैना देवराम नागरे, श्वेता पुरुषोत्तम नागरे, प्रभाकर चाचेरकर और मुन्नी प्रभाकर चाचेरकर के तौर पर हुई है। सभी भंडारा जिले के अलग-अलग गांवों के निवासी थे।

घायलों की हालत गंभीर

हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। रक्षा खेलकर, स्नेहा गिरीधर और सोहम जागेश्वर गेडेकर को भंडारा जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं उमेश बोडणालाल सोनवणे का वडाला ग्रामीण अस्पताल में इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak