झाबुआ. एमपी के झाबुआ जिले में एक महिला को अमानवीय सजा या कहें तालीबानी सजा दी गई। महिला के पति को उसके कंधे पर बैठाकर गांव में घुमवाया गया और उसका मुंडन भी कर दिया गया। वहां मौजूद लोग तमाशबीन रहे। ये सजा देने वाले भी महिला के अपने ही थे.
घटना काकनवानी थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 अप्रैल को हुई। इसका वीडियो मंगलवार को सामने आया। पुलिस ने पति समेत 5-6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। अब तक 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। महिला पर आरोप था कि वह किसी अन्य व्यक्ति के साथ चली गई थी। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने मिलकर महिला को प्रताडि़त किया। उसे जबरन पति को कंधे पर बैठाकर गांव में घुमाया गया।
पुलिस ने महिला को सुरक्षा दी
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने पीडि़ता को तलाश कर सुरक्षा दी। एडिशनल एसपी प्रतिपाल सिंह महोबिया के मुताबिक, मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस घटना में कुल करीब 10 लोग शामिल थे।
पति समेत चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सूर्या पिता रसिया डामोर (निवासी ग्राम पलाशडोर), दिलीप पिता बाबू भूरिया (निवासी ग्राम बालवासा), बाबू भूरिया पिता गोवर्धन (निवासी ग्राम बालवासा) और शैलेश पिता परथिग भूरिया (निवासी ग्राम बालवासा) शामिल हैं। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
