khabar abhi tak

निर्माणाधीन मकान के सेप्टिक टैंक में मिला युवक का शव, तीन दिन से लापता था

कटनी. एमपी के कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में मंगलवार 14 अप्रैल की सुबह एक निर्माणाधीन मकान के शौचालय टैंक से एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान बड़वारा निवासी 30 वर्षीय उमेश कुम्हार, पिता दसी कुम्हार के रूप में हुई है। युवक पिछले तीन दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता था। 

परिजनों ने बताया कि उमेश पिछले तीन दिनों से घर नहीं लौटा था। उसके भाई के अनुसार, परिवार और रिश्तेदार लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। मंगलवार सुबह मशीन चौक स्थित नवीन सोनी के निर्माणाधीन मकान के पास से गुजर रहे लोगों ने दुर्गंध महसूस की। जांच करने पर शौचालय के टैंक में एक शव पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा पुलिस मौके पर पहुँची। टैंक में गहराई और पानी होने के कारण शव को बाहर निकालने में पुलिस टीम को कई घंटों तक मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़वारा भेजा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला दुर्घटना या संदिग्ध परिस्थितियों से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार डहेरिया ने बताया कि पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि युवक शौचालय के गड्ढे तक कैसे पहुँचा और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मकान मालिक द्वारा निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं। 

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak