khabar abhi tak

सावधान : एमपी भीषण गर्मी का कहर, 43 डिसे पार हुआ पारा, 16 जिलों में लू की चेतावनी

भोपाल. एमपी में भीषण गर्मी ने तीखे तेवर दिखाना शुरू कर दिए हैं। भोपाल समेत कई जिलों में गर्मी के चलते लोगों का हाल बेहाल होने लगा है। हालात ये है कि, अप्रैल माह में ही अधिकतम तापमान 43 डिग्री के पार पहुंच गया है। बीते 24 घंटों में भोपाल के तापमान में 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। एमपी में सबसे गर्म छतरपुर जिले का खजुराहो रहा, यहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। वहीं, मौसम विभाग ने आज भी सूबे के 16 जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है।

बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतर इलाकों में गर्मी ने तीखे तेवर देखने को मिले। हालात ये रहे कि, सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 43 डिग्री के पार निकल गया। छतरपुर के खजुराहों में पारा 43.2 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। वहीं, प्रदेश के 9 शहरों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा दर्ज हुआ।

सर्वाधिक तापमान वाले जिले

सर्वाधिक तापमान वाले जिलों की बात करें तो छतरपुर के खजुराहो के बाद प्रदेश के उमरिया जिले में अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। जबकि टीकमगढ़ में 42.8 डिग्री, नौगांव में 42.6 डिग्री, मंडला में 42.5 डिग्री, दतिया, दमोह और गुना में 42.2 डिग्री, सतना, सागर में 41.8 डिग्री, छिंदवाड़ा में 41.6 डिग्री, शाजापुर, नर्मदापुरम में 41.4 डिग्री, नरसिंहपुर, सीधी, मलाजखंड और रीवा में तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।

इन 16 जिलों में लू का अलर्ट

वहीं, प्रदेश की अधिकतर जिलों का तापमान 41 डिग्री के पार रिकॉर्ड किया गया है। जबकि, मौसम विभाग ने आज शनिवार को प्रदेश के नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, बालाघाट, छतरपुर, टीकमगढ़, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, रतलाम, रायसेन, बैतूल, पांढुर्णा, मंडला, सिवनी, पन्ना और निवाड़ी में लू चलने की चेतावनी जारी की है।

स्कूलों का समय बदला

वहीं, भीषण गर्मी के चलते भोपाल समेत प्रदेश के 13 जिलों में स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया गया है। यहां कलेक्टरों द्वारा आदेश जारी करते हुए स्कूलों की टाइमिंग सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित कर दी है। अबतक प्रदेश में जिन जिलों का समय बदला जा चुका है, उनमें भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर, बालाघाट, मैहर, रतलाम, छिंदवाड़ा, नरसिंहपुर, रायसेन, डिंडौरी, झाबुआ, अनूपपुर और उमरिया शामिल है। जिलों में यह फैसला बच्चों को भीषण गर्मी और लू से बचाने के लिए लिया गया है। ग्वालियर जिले में प्री प्राइमरी से लेकर 12वीं तक की सभी क्लास दोपहर 12 बजे तक ही संचालित होगी। शासन की ओर से पूर्व निर्धारित परीक्षा समेत अन्य आवश्यक कार्यक्रम यथावत रहेंगे। वहीं, उम्मीद की जा रही है कि, आगामी समय में अन्य जिलों में भी स्कूलों के समय में बदलाव के आदेश कर दिए जाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak