मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले तीन दिन तक शहर में भीषण गर्मी व लू जैसे हालात बनने के आसार है। इस दौरान अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि, बीच-बीच में आंशिक बादल छाने और हल्की आंधी चलने के भी आसार हैं। अगले तीन दिन लू का अलर्ट भी जारी किया गया है। पहले दिन अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा, जिसमें तेज धूप और लू का असर रहेगा। दूसरे दिन पारा 42-43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, साथ ही हल्के बादल और गर्म हवाएं जारी रहेंगी। तीसरे दिन अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जिसमें आंधी से हल्की राहत मिल सकती है। लू से बचाव के लिए कुछ सावधानियां बरतने की सलाह दी है। लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचना होगा। इसके अलावा, अधिक से अधिक पानी, छाछ और नींबू पानी का सेवन करने की सलाह दी गई है। हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें और सिर को गमछा या टोपी से ढककर रखें। खाली पेट या डिहाइड्रेशन की स्थिति में बाहर न निकलें। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है। डॉक्टरों ने बढ़ती गर्मी के कारण हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और थकावट के मामलों में वृद्धि की आशंका जताई है।