खंडवा. महाराष्ट्र के पनवेल से जबलपुर (भिटौनी) आ रही भारत पेट्रोलियम की मालगाड़ी (32 वैगन) से एलपीजी गैस का लीकेज होने का मामला सामने आया है। घटना एमपी के खंडवा रेलवे स्टेशन के आउटर पर रविवार रात 9:30 बजे की है, जिसके बाद हड़कम्प मच गया और तत्काल ही इस रेलखंड पर रेल यातायात रोक दिया गया.
घटना के संबंध में बताया जाता है कि स्टाफ बदलने के दौरान बदबू आने पर रेलवे और प्रशासनिक अधिकारियों ने 3 घंटे की मशक्कत के बाद लीकेज वाले 1 वैगन को बाकी 31 वैगन से अलग कर आइसोलेट किया। बचाव के लिए पीथमपुर से टेक्निकल टीम को बुलाया गया है और बाकी 31 वैगन वाली ट्रेन को जबलपुर रवाना कर रात 12:30 बजे के बाद इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही बहाल कर दी गई है।
काट कर अलग किया वैगन
लपीजी गैस के 32 वैगन से भरी ट्रेन खंडवा रेलवे स्टेशन के आउटर पर खड़ी थी। इसी दौरान यहां ट्रेन का स्टाफ बदला गया। नई टीम को स्मैल (बदबू) आने पर चेकिंग की गई, जिसमें एक वैगन से लीकेज का खुलासा हुआ। सूचना मिलते ही रेलवे के स्थानीय अधिकारी, खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता और एसपी मनोज कुमार राय मौके पर पहुंचे। टेक्निकल टीम की मदद से लीकेज वैगन को ट्रेन से अलग कर दूर आइसोलेट किया गया। एहतियात के तौर पर लीकेज वाले वैगन को गीले बारदान (बोरियों) और गीली बालू रेत से ढंक दिया गया।
3 घंटे की मशक्कत, राजधानी-मंगला सहित 6 ट्रेनें प्रभावित
लीकेज वैगन को अलग करने और स्थिति को सुरक्षित करने में प्रशासन को करीब 3 घंटे का समय लगा। रात 12:30 बजे अधिकारी मौके से रवाना हुए। इस पूरे घटनाक्रम के कारण रेलवे यातायात भी बाधित हुआ और राजधानी व मंगला एक्सप्रेस सहित कुल 6 ट्रेनें प्रभावित रहीं। स्थिति नियंत्रण में आने के बाद रात 12:30 बजे से ट्रेनों की आवाजाही फिर से शुरू कर दी गई।
