khabar abhi tak

एमपी : तेज रफ्तार से बाइक पर रील बनाने के फेर में 3 दोस्तों ने गंवाई जान, 2 घायल

मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज में नेशनल हाईवे पर रील बनाने के चक्कर में हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। यह दर्दनाक हादसा आज मंगलवार 14 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे मऊगंज थाना क्षेत्र के पन्नी पथरिया के पास नेशनल हाईवे पर हुआ।

पुलिस के अनुसार, एक पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए मोबाइल से रील बना रहे थे। रील बनाने की धुन में युवकों का ध्यान सड़क से भटक गया और उनकी तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर ट्रक से जा टकराई। इसी दौरान पीछे से आ रही एक अन्य टीवीएस अपाचे बाइक भी असंतुलित होकर टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि पल्सर सवार तीनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतकों और घायलों की पहचान

मृतकों की पहचान उपलक्ष्य कोल (17 वर्ष), अमरीश कोल (22 वर्ष) और हेमराज कोल (17 वर्ष) के रूप में की गई है। ये तीनों मृतक बेला थाना लौर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार प्रशांत द्विवेदी (19 वर्ष) और प्रदीप द्विवेदी (17 वर्ष), जो चितईपुरवा पिपरा थाना लौर के रहने वाले हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

संदिग्ध सामान भी बरामद

हादसे की सूचना मिलते ही मऊगंज थाना प्रभारी रीना सिंह अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल मऊगंज भेजा, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। तलाशी के दौरान पुलिस को मृतकों के पास से एक संदिग्ध गन लाइटर भी मिला है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों और ट्रेलर ट्रक को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak