खंडवा. मध्य प्रदेश के खंडवा के रेलवे स्टेशन क्षेत्र में शुक्रवार 3 अप्रैल को एक हादसा हो गया। मीटर गेज के पुराने और जर्जर रेलवे कार्यालय से लोहा निकालने के दौरान अचानक भवन का हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। मलबे की चपेट में आने से एमसीएम के पद पर पदस्थ रेलवे कर्मचारी शशिकांत कश्यप पिता रामदुलारे कश्यप, उम्र 41 साल, निवासी शंकर नगर खंडवा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य कर्मचारी घायल हो गया।
बताया जाता है कि लंबे समय से खंडहर बने इस पुराने रेलवे भवन से स्क्रैप निकालने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक संरचना कमजोर पडऩे से उसका एक हिस्सा गिर गया और वहां काम कर रहे कर्मचारी मलबे के नीचे दब गए।
जेसीबी से हटाया गया मलबा
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची। रेल अधिकारियों ने भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला गया। घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने शशिकांत को मृत घोषित कर दिया।
मृत रेल कर्मचारी मास्टर क्राफ्टमैन है
बताते हैं कि, शशिकांत रेलवे में मास्टर क्राफ्ट्समैन के पद पर कार्यरत थे। मृतक रेलवे कर्मचारी शशिकांत कश्यप चार बहनों में इकलौता भाई था। साथ ही दो मासूम बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया। एक बेटी की उम्र 11 साल और दूसरी की उम्र दो साल हैं। वहीं उनके सहायक वीरेंद्र को हाथ में चोट आई है, जिन्हें स्टेशन मास्टर अरविंद साहा ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि जर्जर भवन में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।

