खरगोन. मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के महेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम गुर्जर मोहना में शुक्रवार को बारात के दौरान एक पिकअप वाहन ने नाच रहे बारातियों को रौंद दिया। हादसे में दूल्हे सहित करीब 25 लोग घायल हुए हैं। सबसे गंभीर स्थिति दूल्हे की बहन की है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल खरगोन रेफर किया गया है। घटना के बाद वैवाहिक खुशियां मातम में बदल गईं और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
एक्सीलेटर दबने से बारातियों के बीच घुसा वाहन
प्रत्यक्षदर्शी राजेश राठौर ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे दूल्हा राकेश डाबर की बारात सजनीपुरा से बड़ीपुरा के लिए निकली थी। इस दौरान बारात के पीछे चल रहे पिकअप वाहन के चालक ने अचानक संतुलन खो दिया और उसका पैर एक्सीलेटर पर दब गया। इसके बाद अनियंत्रित वाहन आगे नाच रहे बारातियों को करीब 100 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। बारातियों को कुचलने के बाद पिकअप नीम के पेड़ से टकराकर पलट गया, जिससे वहां खड़ी कई मोटरसाइकिलें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।
मची अफरा-तफरी, अस्पताल में भर्ती हुए घायल
हादसे में घायल करीब 20 से 25 लोगों में से कई के हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए हैं। पुलिस थाना प्रभारी जगदीश गोयल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दूल्हे और अन्य घायलों का इलाज महेश्वर और मंडलेश्वर के अस्पतालों में जारी है।
दूल्हे की बहन की हालत नाजुक
हादसे में दूल्हा राकेश डाबर को भी चोटें आई हैं, लेकिन उनकी बहन की स्थिति गंभीर है। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मंडलेश्वर से प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल जिला अस्पताल खरगोन रेफर किया गया है।
