जबलपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार, डॉ. अशोक कुमार (चिकित्सा निदेशक, केन्द्रीय चिकित्सालय), डॉ. शैलेन्द्र दीक्षित (मुख्य चिकित्सा अधीक्षक) एवं डॉ. संदीप कुमार चौहान (मंडल चिकित्सा अधिकारी) के मार्गदर्शन में 8वें पोषण पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत गुरूवार 23 अप्रैल को डब्ल्यू.एस.ई.सी. रेलवे स्कूल, इंदिरा मार्केट एवं पमरे हाई स्कूल, लोको तलैया, जबलपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में बच्चों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को संतुलित आहार, जीवन के पहले 1000 दिनों के पोषण, कुपोषण की रोकथाम तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया गया। डॉ. राम्या (सहायक मंडल चिकित्सा अधिकारी) ने संतुलित भोजन में कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, वसा, विटामिन एवं खनिजों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वास्थ्यवर्धक आहार अपनाने की सलाह दी। उन्होंने बच्चों के पूर्ण टीकाकरण एवं 14-15 वर्ष की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण के प्रति भी जागरूक किया।
श्रीमती ललिता लाल (सहायक नर्सिंग अधिकारी) ने अनाज, दाल, हरी सब्जियों एवं फलों के महत्व को प्रदर्शन के माध्यम से समझाया, जिससे बच्चों में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ी। कार्यक्रम में प्राचार्य श्रीमती आशा अवस्थी एवं श्री शेख बाहीद सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 300 लोगों की सक्रिय भागीदारी रही।

