khabar abhi tak

कलेक्टर ने जिला अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, टाइप-1 डायबिटीज क्लीनिक की सुविधाओं को परखा

जबलपुर. कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने आज शुक्रवार 24 अप्रैल को सेठ गोविंददास विक्टोरिया जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर संबंधित चिकित्सकों से उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली और उपचाराधीन मरीजों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना। 

विशेष रूप से कलेक्टर सिंह ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रहे टाइप-1 डायबिटीज समर्पित साप्ताहिक फॉलोअप क्लीनिक का अवलोकन किया। उन्होंने पाया कि प्रत्येक शुक्रवार को ओपीडी नंबर 9 में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक संचालित होने वाला यह क्लीनिक जिले के गंभीर मधुमेह रोगियों के लिए जीवन रक्षक सिद्ध हो रहा है।

कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि एक ही छत के नीचे विशेषज्ञ परामर्श, गहन उपचार और मधुमेह शिक्षा उपलब्ध होने से मरीजों को काफी राहत मिल रही है। इस व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी मरीजों को पूरे महीने के लिए निशुल्क इंसुलिन, सीरिंज, ग्लूकोमीटर और 100 स्ट्रिप्स की उपलब्धता सुनिश्चित करना है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर पडऩे वाला वित्तीय बोझ पूरी तरह समाप्त हो गया है। बहु-विषयक सहायता पर केंद्रित इस क्लीनिक के माध्यम से अब मरीजों को अलग-अलग विभागों के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं पड़ती और उनका नियमित नैदानिक मूल्यांकन भी एक ही स्थान पर हो रहा है।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मरीजों के ब्लड शुगर रिकॉर्ड के आधार पर उनकी खुराक का सटीक समायोजन निरंतर जारी रहे और किसी भी आपात स्थिति या जटिलता की पहचान होने पर उन्हें तत्काल बेहतर मेडिकल सुविधा सुनिश्चित की जाए। कलेक्?टर ने इस दौरान मधुमेह पीडि़तों को माय टी1डी किट भी प्रदान की।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak