भोपाल. मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच गुरुवार 30 अप्रैल को मौसम ने अचानक करवट ली। सतना, मैहर और उमरिया में तेज हवा और गरज-चमक के साथ हुई बारिश से लोगों को राहत मिली। वहीं श्योपुर में आंधी में होटल में डीजे का शेड उड़ गया। इसमें करीब 15 लोग घायल हुए। वहीं जबलपुर में भी सुबह से बादल छाये हुए हैं, जिससे तेज धूप से लोगों को राहत है.
आज जिन जिलों में गरज-चमक और बारिश होने का अनुमान है, उनमें ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, विदिशा, राजगढ़, आगर-मालवा, नीमच, मंदसौर, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा शामिल हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के ऊपर एक साइक्लोनिक सकुर्लेशन (चक्रवात) एक्टिव है। वहीं, बीच में से ट्रफ गुजर रही है। इसकी वजह से मौसम बदला रहेगा। वहीं, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, कटनी, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, नरसिंहपुर, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, सीहोर, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, शाजापुर, खरगोन, बड़वानी, धार, रतलाम, झाबुआ और आलीराजपुर में गर्मी का दौर बना रहेगा।
सतना-मैहर में तेज हवा, बूंदाबांदी
सतना में भीषण गर्मी के बीच गुरुवार सुबह मौसम में अचानक बदलाव हुआ। सुबह तेज हवा, गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हुई। लोगों को गर्मी से राहत मिली और मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक सतना समेत रीवा संभाग में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मैहर में भी तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश शुरू हुई। सुबह 8 बजे काले बादल छाए और दिन में अंधेरा सा माहौल बन गया। 43 डिग्री की तपिश से परेशान लोगों को राहत मिली। बारिश के साथ तेज गर्जना और हवाओं का असर भी दिखा। श्योपुर में देर रात आंधी में होटल राधिका विलास में डीजे का शेड उड़ गया। इसमें करीब 15 लोग घायल हुए। उन्हें रात में अस्पताल में भर्ती कराया गया।
