दमोह. एमपी के दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र की इमलिया चौकी अंतर्गत मनका गांव के पास एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में 12 लोग घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक व्यक्ति की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे की है।
लगून से अपने गांव लौट रहे थे पिकअप सवार
जानकारी के अनुसार, सभी घायल सागर जिले के बंडा से लगून से अपने गांव मनका लौट रहे थे। गांव के नजदीक पहुंचते ही एक मोड़ पर पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। घायल अशोक अहिरवार ने बताया कि वाहन में करीब 15 लोग सवार थे।
12 लोग घायल, एक गंभीर जबलपुर रेफर
हादसे के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को दमोह जिला अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टर चक्रेश चौधरी और डॉक्टर यशपाल ने उनका इलाज किया। मनका निवासी धर्मू पिता मुन्ना अहिरवार (35) को गंभीर चोटें आने के कारण जबलपुर रेफर किया गया है।
अन्य घायलों में अशोक अहिरवार, गोकूल, संजय, चंद्रभान, तुलसी, सौरभ, केरन, पिंटू पिता भजन लाल, टुटेली और राजू शामिल हैं। कुछ लोगों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना की सूचना मिलते ही इमलिया चौकी प्रभारी रमाशंकर मिश्रा भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना के संबंध में जानकारी ली।
