khabar abhi tak

जबलपुर: 10 रुपये के विवाद में ठेला संचालक पर जानलेवा हमला, आरोपी फरार



जबलपुर।  गोहलपुर थाना अंतर्गत दमोहनाका क्षेत्र में देर रात हुई चाकूबाजी की वारदात से सनसनी फैल गई। यहां एक ठेला संचालक युवक पर तीन अज्ञात बदमाशों ने उस समय हमला कर दिया जब उसने खीरा बेचने के बाद पैसे मांगे थे। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

​विवाद के बाद शराब के लिए मांगे रुपये

​मूलतः सीधी जिले के ग्राम कठार निवासी 25 वर्षीय अजय गुप्ता वर्तमान में गोहलपुर के नर्मदानगर में रहकर ककड़ी और खीरा बेचने का काम करता है। बीती रात करीब 9:30 बजे वह अपना ठेला लेकर घर की ओर जा रहा था। व्ही मार्ट के समीप तीन अज्ञात युवकों ने उसे रोककर 10 रुपये का खीरा लिया। जब अजय ने भुगतान की मांग की तो तीनों गाली-गलौज पर उतारू हो गए। बदमाशों ने अजय से शराब पीने के लिए 500 रुपये की मांग शुरू कर दी।

​धारदार हथियार से वार कर हुए फरार

​पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने अजय पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवक के गले और माथे पर गंभीर घाव आए हैं। अपनी जान बचाने के लिए जब वह वहां से भागने लगा तो अनियंत्रित होकर गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में भी चोट आई है। शोर सुनकर लोगों को आता देख हमलावर भाग निकले। गोहलपुर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(बी), 119(1) और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। फिलहाल पुलिस क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak