पटना. बिहार के कटिहार में शनिवार 11 अप्रैल की देर शाम भीषण सड़क हादसा हुआ है. बस और पिकअप में आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई है. सभी पूर्णिया के रहने वाले थे. वहीं कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं.
बताया जाता है कि राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर, कोढ़ा थाना क्षेत्र के बसगाड़ा चौक के समीप यह घटना घटी है. बताया जा रहा है कि पिकअप में आदिवासी समुदाय के लोग थे, जो मेला देखकर लौट रहे थे. तभी तेज आवाज के साथ यह हादसा हो गया. देखते-ही-देखते लोगों की मौत हो गई.
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिकअप वैन में सवार लोग किसी धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार बस ने सामने से आकर पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वैन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही कई लोगों ने दम तोड़ दिया. इसके बाद घटना की सूचना स्थानीय कोढ़ा थाना की पुलिस को दी गई. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस स्थानीय ग्रामीणों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. वहीं मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
