जबलपुर। माढ़ोताल थाना क्षेत्र में इंटरनेट के माध्यम से साइबर ठगी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। बजरंग नगर करमेता निवासी सुशील कुमार सोनी को अपने बीमार भाई के इलाज के लिए नागपुर के डॉक्टर का नंबर सर्च करना काफी महंगा साबित हुआ। शातिर जालसाजों ने मदद के बहाने सुशील के 3 अलग-अलग बैंक खातों में सेंध लगाकर कुल 1.5 लाख रुपए पार कर दिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
गूगल सर्च से जालसाजों ने साधा संपर्क
एक सराफा दुकान में सेल्समैन के रूप में काम करने वाले सुशील कुमार सोनी के छोटे भाई सुनील को मिर्गी की बीमारी है। भाई के बेहतर उपचार के लिए सुशील नागपुर के किसी विशेषज्ञ डॉक्टर से परामर्श लेना चाहते थे। उन्होंने इंटरनेट पर संबंधित डॉक्टर का मोबाइल नंबर खोजा और एक नंबर पर संपर्क किया। इसके कुछ समय बाद उनके पास एक अनजान व्यक्ति का फोन आया, जिसने खुद को अस्पताल प्रबंधन का कर्मचारी बताते हुए सुशील को झांसे में ले लिया।
रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर बैंक खाते साफ
आरोपी ने पीड़ित से कहा कि डॉक्टर से बात करने के लिए केवल 10 रुपए का रजिस्ट्रेशन शुल्क देना होगा। शुरुआती भुगतान असफल होने पर ठग ने सुशील के मोबाइल पर एक संदिग्ध लिंक भेजा। लिंक पर क्लिक करते ही और ओटीपी साझा होते ही खातों से पैसे कटने लगे। ठगों ने पहले खाते से 98500 रुपए, दूसरे से 30000 रुपए और तीसरे खाते से 20000 रुपए निकाल लिए। धोखाधड़ी का पता चलते ही पीड़ित ने माढ़ोताल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अब उन खातों की जानकारी खंगाल रही है जिनमें यह राशि स्थानांतरित हुई है।
