जबलपुर। सिवनी के लखनादौन नगर परिषद के अधिकारियों ने सांठगांठ करते हुए आरक्षित वर्ग के लिए शॉपिंग काम्प्लेक्स की निर्मित दुकानों क ो सामान्य वर्ग को आवंटित कर दिया। अधिकारियों द्वारा रचे गए इस खेल से शासन को आर्थिक क्षति पहुंची है। जबलपुर में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) रविन्द्र सिंह आनंद निवासी आदर्श नगर जबलपुर की शिकायत पर जांच करते हुए प्रकरण दर्ज किया है। आदर्श नगर जबलपुर निवासी रविन्दरसिंह ने लिखित शिकायत देते हुए बताया कि नगर पालिका परिषद लखनादौन जिला सिवनी में सीएमओ एवं अध्यक्ष के द्वारा मिलीभगत कर अपने पद का दुरूपयोग करते हुए दुकानों का आवंटन किया है। जिसकी जांच में ईओडब्ल्यू ने पाया कि नगर परिषद लखनादौन ने 8 शॉपिंग काम्प्लेक्स में 75 दुकानें निर्मित कराने एवं नीलामी हेतु निविदा की कार्यवाही की गई थी। मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों के द्वारा दुकानदारों से मिलीभगत कर बिना अनुबंध किये एवं नीलामी की बोली की पूरी राशि जमा कराये बिना ही दुकानदारों को दुकानों का कब्जा दे दिया है। सत्यापन पर पाया गया कि 32 दुकानों में से 13 दुकानदारों ने नीलामी की राशि लगभग 79,82,500 रुपए जमा ही नहीं की है और परिषद से अनुबंध किये बिना ही दुकानें संचालित कर रहे है। इन दुकानदारों से नियमानुसार किराये की राशि भी वसूल नहीं की गयी है। जो लगभग 2,88,000 रुपए होती है।
इनके खिलाफ दर्ज किया गया है प्रकरण-
जबलपुर ईओडब्ल्यू ने गजेन्द्र पाण्डे तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद लखनादौन, सुश्री गीता वाल्मीक तत्कालीन मुख्य नगर पालिका अधिकारी नगर पालिका परिषद लखनादौन, रवि झारिया राजस्व उप निरीक्षक, भागचद्र अहिरवार, तेजस्व जैन, शेलेन्द्र उर्फ सोनू यादव, श्रीमति सीमा गोल्हानी, श्रीमति संगीता गोल्हानी, श्रीमति बुलबुल जैन, खूबचंद चैकसे, सतीश उइके, देवेन्द्र राय श्रीवास्तव, सतेन्द्र विश्वकर्मा, गणेश पटेल, विकास नामदेव, शिवप्रसाद गोल्हानी, वैभव दुबे नगर पालिका परिषद लखनादौन की प्रेसिडेंट इन काउंसिल के सदस्य, श्रीमति मीणा बलराम गोल्हानी, श्रीमति देवकी शिवकुमार झारिया, श्रीमति संगीता संजय गोल्हानी, श्रीमति वर्षा श्रीकांत गोल्हानी, श्रीमति अनीता संदीप जैन, श्रीमति सविता गोलू कुमरे एवं अन्य।
