khabar abhi tak

रात के अंधेरे में 'अदृश्य' हुआ भूरालाल... सुबह सिर और धड़ अलग-अलग जगहों पर मिलने से मचा हड़कंप

 


कुण्डम थाना पुलिस ने शुरुआत में मारपीट और अपहरण की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था, लेकिन शव मिलने के बाद अब इसमें भारतीय न्याय संहिता की हत्या से संबंधित धाराएं जोड़ी जा रही हैं

जबलपुर। कुण्डम थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बिसनपुरा में अंधविश्वास के चलते एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ जादू-टोना करने के संदेह में एक व्यक्ति की नृशंस हत्या कर दी गई। आरोपियों ने न केवल पीड़ित के साथ बेरहमी से मारपीट की, बल्कि बाद में कुल्हाड़ी से उसका गला काटकर सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे ग्रामीण क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल व्याप्त है।

​जादू-टोना के संदेह में खूनी संघर्ष

​पुलिस को मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक ग्राम बिसनपुरा निवासी नन्हेलाल यादव 4 मार्च की शाम अपने मवेशियों को चराकर जंगल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने अपने भाई भूरालाल यादव के घर के पास विवाद होते देखा। गाँव के ही निवासी मधुशाह और पिट्टी यादव नामक व्यक्ति भूरालाल पर जादू-टोना करने का आरोप लगाते हुए उनके साथ गाली-गलौज कर रहे थे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से भूरालाल पर हमला कर दिया। जब नन्हेलाल और उनका बेटा सुरेश यादव बीच-बचाव करने पहुँचे, तो हमलावरों ने उन पर भी प्राणघातक प्रहार किए। इस हमले में नन्हेलाल के सिर पर चोट आई और सुरेश की आँख में गंभीर चोट लगी। इसके बाद आरोपी घायल भूरालाल को जान से मारने की धमकी देते हुए जबरन अपने साथ उठाकर ले गए।

​लापता होने के बाद कहाँ मिले जिस्म के हिस्से

​हमले और आरोपियों के खौफ के कारण पीड़ित परिवार उस रात घर चला गया। अगले दिन सुबह जब नन्हेलाल अपने भाई की सुध लेने उसके घर पहुँचा, तो भूरालाल वहाँ मौजूद नहीं था। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और जंगल में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। 6 मार्च की दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि बरापानी हार क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। मौके पर पहुँचने पर परिजनों ने मृतक की पहचान भूरालाल यादव के रूप में की। पुलिस को मौके पर केवल मृतक का धड़ मिला था, जिसका सिर गायब था। सघन तलाशी अभियान चलाने के बाद पुलिस ने मृतक का कटा हुआ सिर महेशपुरी हार में एक बिजली टावर के पास से बरामद किया।

​आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित

​घटना की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए हैं। कुण्डम थाना पुलिस ने शुरुआत में मारपीट और अपहरण की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था, लेकिन शव मिलने के बाद अब इसमें भारतीय न्याय संहिता की हत्या से संबंधित धाराएं जोड़ी जा रही हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और एसडीओपी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं जो फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के हर पहलू की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak