khabar abhi tak

सूरज की 'लाल आँखें' और लाइनमैनों के सूखे कंठ, मैनेजमेंट से गुहार



जबलपुर। मध्य प्रदेश के बिजली कर्मचारियों के हितों के लिए सक्रिय मप्रविमं तकनीकी कर्मचारी संघ ने प्रदेश की तीनों विद्युत वितरण कंपनियों से लाइन स्टाफ की सुविधाओं को लेकर महत्वपूर्ण मांग की है। संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में प्रदेश भर में गर्मी का प्रभाव काफी बढ़ गया है। तापमान 40 डिग्री के स्तर तक पहुँचने के कारण मैदानी क्षेत्रों में काम करने वाले कर्मचारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रावधान के बाद भी नहीं दे रहे ध्यान, आक्रोश

​बिजली उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लाइनमैन तेज धूप में मेंटेनेंस, ब्रेकडाउन सुधार और शटडाउन जैसे चुनौतीपूर्ण कार्य कर रहे हैं। दिन भर पोल और टावर गाड़ी पर चढ़कर कार्य करने से कर्मचारियों को अत्यधिक शारीरिक थकान और प्यास की समस्या होती है। संघ ने ध्यानाकर्षण कराया है कि पूर्व क्षेत्र कंपनी प्रबंधन ने 1 नवंबर 2012 को एक आदेश जारी कर लाइनमैनों को 2 लीटर पानी की बोतल प्रदान करने का प्रावधान किया था। अब मांग की जा रही है कि इसी तर्ज पर मध्य क्षेत्र कंपनी भोपाल और पश्चिम क्षेत्र कंपनी इंदौर का प्रबंधन भी अपने लाइन कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से 2 लीटर पानी की बोतल उपलब्ध कराना शुरू करे।

​इस मांग का समर्थन करने वालों में संघ के पदाधिकारी अजय कश्यप, मोहन दुबे, राजकुमार सैनी, लखन सिंह राजपूत, विनोद दास, इंद्रपाल सिंह, शशि उपाध्याय, ख्याली राम, मदन पटेल, दशरथ शर्मा, राजू नायडू, संदीप यादव और किशोर शामिल हैं। सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि भीषण गर्मी में फील्ड पर तैनात कर्मचारियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए यह सुविधा अनिवार्य रूप से दी जानी चाहिए।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak