जबलपुर। संस्कारधानी की प्रतिभावान बेटी और महिला पॉलिटेक्निक कॉलेज की छात्रा ऐश्वर्या विश्वकर्मा ने 'स्किल इंडिया रीजनल कॉम्पटीशन' में अपनी तकनीकी कुशलता का लोहा मनवाते हुए शहर का नाम रोशन किया है। गुजरात के गांधीनगर में आयोजित इस क्षेत्रीय प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए ऐश्वर्या ने 'मैडेलियन फॉर एक्सीलेंस अवॉर्ड' हासिल किया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर जबलपुर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने छात्रा को सम्मानित कर उनकी प्रतिभा की सराहना की।
गांधीनगर में आयोजित रीजनल कॉम्पटीशन में मध्य प्रदेश का बढ़ाया मान
ऐश्वर्या विश्वकर्मा ने कंप्यूटर साइंस के क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता दिखाते हुए प्रतियोगिता के दौरान डाटाबेस कनेक्टिविटी के साथ विभिन्न वेब एप्लीकेशन तैयार किए। उनकी सफलता का यह सफर जिला और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं से शुरू हुआ था। गांधीनगर में आयोजित मुख्य प्रतियोगिता में उन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर 'स्मार्ट सिटी' विषय पर एक उन्नत वेब एप्लीकेशन डिजाइन किया। इस एप्लीकेशन में उन्होंने पर्यटक स्थलों, नजदीकी अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसी महत्वपूर्ण जनउपयोगी जानकारियों के फीचर्स को कुशलतापूर्वक शामिल किया, जिसे जूरी ने काफी सराहा।
तकनीक के माध्यम से समाज सेवा का लक्ष्य, सीएम हेल्पलाइन एप पर हुई चर्चा
न्यू रामनगर अधारताल निवासी आशुतोष विश्वकर्मा और भारती विश्वकर्मा की सुपुत्री ऐश्वर्या की रुचि कक्षा नौवीं से ही कंप्यूटर प्रोग्रामिंग में रही है। सम्मान समारोह के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने ऐश्वर्या से तकनीकी विषयों पर विस्तार से बात की। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन जैसे जनहितकारी एप्लीकेशन में सुधार और उसे अधिक प्रभावी बनाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की। ऐश्वर्या ने भविष्य में प्रशासन और सरकार के साथ मिलकर तकनीकी रूप से समाज की मदद करने की इच्छा जताई है। इस अवसर पर महिला पॉलिटेक्निक की प्राचार्या नीलम अग्रवाल ने भी छात्रा की इस उपलब्धि को कॉलेज के लिए एक बड़ा मील का पत्थर बताया।
