khabar abhi tak

अंधेरे से डटकर लड़ने वाले सिपाहियों को सलाम


एमपी ट्रांसको मुख्यालय में मनाया गया लाइनमैन दिवस: एमडी ने 75 कर्मियों को किया सम्मानित

जबलपुर। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) द्वारा लाइनमैन दिवस के उपलक्ष्य में जबलपुर स्थित मुख्यालय में एक भव्य और केंद्रीयकृत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गौरवशाली अवसर पर कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने फ्रंटलाइन वर्कर्स के अटूट साहस और उनके निरंतर समर्पण को नमन किया।

कर्तव्यनिष्ठ कर्मियों और वरिष्ठ महिला अधिकारी का अभिनंदन


समारोह के दौरान प्रदेश के विभिन्न ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस संभागों से विशेष रूप से चयनित 13 लाइनमैनों सहित कुल 75 कर्मियों को पुरस्कृत किया गया। प्रबंध संचालक ने इन सभी कर्मियों को व्यक्तिगत रूप से स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर लाइनमैनों ने अपने कार्यक्षेत्र के अनुभव साझा किए और कंपनी की 'जीरो एक्सीडेंट पॉलिसी' के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए सुरक्षा की शपथ ली। कार्यक्रम में एक विशेष गरिमापूर्ण क्षण तब आया जब ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस क्षेत्र की वरिष्ठतम महिला अधिकारी, अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्रीमती नीलम खन्ना को मंच पर आमंत्रित किया गया। प्रबंधन ने उन्हें इस चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में उनके वर्षों के उल्लेखनीय योगदान, अटूट समर्पण और उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए विशेष सम्मान से नवाजा। अपने संबोधन में प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने लाइनमैनों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा, आंधी, बारिश, भीषण गर्मी या गहरी रात जैसी हर विपरीत परिस्थिति में जब भी अंधेरा छाता है, तो हमारे लाइनमैन ही सबसे पहले मोर्चा संभालते हैं और रोशनी बहाल करते हैं।" उन्होंने आगे जोर देते हुए कहा, "ये कर्मी केवल बिजली की लाइनों का संधारण नहीं करते, बल्कि समाज में विश्वास और सुरक्षा का संचार भी करते हैं। इनकी सुरक्षा संस्था की सर्वोच्च प्राथमिकता है और पूरा एमपी ट्रांसको इनके अमूल्य योगदान के लिए सदैव ऋणी रहेगा। श्री तिवारी ने सभी कर्मियों के सुखद भविष्य और सुरक्षित कार्यजीवन की मंगलकामना की। इस पूरे गरिमामयी कार्यक्रम का कुशल संयोजन कार्यपालन अभियंता एपीएस चौहान द्वारा किया गया, जबकि मंच संचालन की जिम्मेदारी सहायक अभियंता जितेंद्र तिवारी ने बखूबी निभाई।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak