जबलपुर। पंडित लज्जा शंकर झा शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई। इस दौरान जिले की शैक्षणिक गुणवत्ता और शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी विभागीय कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए ताकि शैक्षणिक व्यवस्था सुदृढ़ और पारदर्शी बनी रहे। लापरवाही बरतने पर संबंधितों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की चेतावनी भी दी गई।
शैक्षणिक सुदृढ़ीकरण और पोर्टल अपडेशन पर जोर
बैठक में सबसे पहले विद्यालयों के समेकन की प्रगति जांची गई। कम नामांकन वाले स्कूलों के युक्तियुक्त पुनर्गठन को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए ताकि संसाधनों का सही उपयोग हो सके। शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए छात्र नामांकन के भौतिक सत्यापन और ड्रॉपआउट बच्चों को मुख्यधारा में वापस लाने हेतु विशेष अभियान चलाने पर चर्चा हुई। एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर कर्मचारियों के डेटा अद्यतन और बैंक खाता प्रमाणीकरण कार्य को शत-प्रतिशत पूर्ण करने को कहा गया ताकि छात्रवृत्ति और अन्य लाभ सीधे खातों में पहुंच सकें। ई-अटेंडेंस प्रणाली की सतत निगरानी और अतिथि शिक्षकों के मानदेय का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी प्रदान किए गए।
छात्र हितैषी योजनाओं और अधोसंरचना का सुदृढ़ीकरण
विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं जैसे पाठ्यपुस्तक वितरण, साइकिल वितरण और छात्रवृत्ति प्रविष्टियों की समीक्षा की गई। दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों के लिए साइकिल वितरण प्रक्रिया में तेजी लाने और छात्रावासों में स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अधोसंरचना विकास के अंतर्गत सभी स्कूलों में बालिका शौचालय क्रियाशील करने, ग्राउंड वाटर रिचार्ज सिस्टम स्थापित करने और जर्जर कक्षों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही के लिए उपयंत्रियों व बीआरसीसी को जिम्मेदारी सौंपी गई। 01 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले प्रवेशोत्सव को भव्य रूप देने की तैयारी पर भी बल दिया गया।
आगामी परीक्षाओं की तैयारी पर फ़ोकस
मई 2026 में होने वाली द्वितीय वार्षिक परीक्षा के लिए प्रश्नपत्रों की उपलब्धता और परीक्षा केंद्रों की गोपनीयता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वित्तीय प्रबंधन के तहत पीएम श्री और अन्य विद्यालयों को डिजी गोव के माध्यम से आवंटित राशि का उपयोग भंडार क्रय नियमों के तहत 25 मार्च 2026 तक अनिवार्य रूप से करने को कहा गया। साथ ही 25 मार्च से 05 अप्रैल 2026 तक गोल बाजार में आयोजित होने वाले पुस्तक मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सहायक संचालक आरके बधान, एडीसीपी गौतम बर्बे, डीपीसी योगेश शर्मा, बीईओ अतुल चौधरी, विधि प्रभारी कृष्णकांत शर्मा, प्रोग्रामर पारुल राय, एपीसी मोनिका लकरा सहित समस्त बीआरसी, बीएसी और प्राचार्य उपस्थित रहे।
