khabar abhi tak

मां काली प्रतिमा चल समारोह में अंडे फेंकने की अफवाह पर डिंडौरी में बवाल, मस्जिद की ओर बढ़ती भीड़ को पुलिस ने रोका

डिंडौरी. एमपी के डिंडोरी शहर में शनिवार 28 मार्च की देर रात मां काली की प्रतिमा विसर्जन के दौरान अंडे फेंके जाने की अफवाह से तनाव फैल गया। स्थिति बिगडऩे पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर-बितर किया और हालात को संभाला।

बताया जाता है कि बस स्टैंड में स्थापित मां काली की प्रतिमा का विसर्जन जुलूस रात करीब साढ़े 11 बजे निकाला जा रहा था। जब जुलूस अस्पताल कॉलोनी क्षेत्र के पास पहुंचा, तो सड़क पर चार से पांच फूटे हुए अंडे मिले। इस घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते भीड़ उग्र होने लगी।

भीड़ को मस्जिद की ओर बढऩे से पुलिस ने रोका

कुछ लोग मस्जिद मोहल्ले की ओर बढऩे लगे, जिससे स्थिति और संवेदनशील हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एस डी एम राम बाबू देवांगन और एस डी ओ पी सतीश द्विवेदी सहित भारी पुलिस बल तुरंत सक्रिय हुआ। उन्होंने भीड़ को आगे बढऩे से रोका।  हालात बिगड़ते देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को वहां से खदेड़ा। इस दौरान पुलिस ने नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील भी की।

अफवाह पर ध्यान न देने की अपील

सिटी कोतवाली निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार की बड़ी घटना नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सड़क पर अंडे कैसे पहुंचे और इसके लिए कौन जिम्मेदार है। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और शहर में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करें।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak