जबलपुर। मध्य प्रदेश शासन ने वर्ष 2026 के लिए घोषित महावीर जयंती के अवकाश की तिथि में स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार परिवर्तन करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश प्रवक्ता अनिल भार्गव वायु ने बताया कि शासन द्वारा जारी नवीन अधिसूचना के तहत अब प्रदेश के जिला कलेक्टरों को यह अधिकार दिया गया है कि वे 31 मार्च मंगलवार के स्थान पर 30 मार्च सोमवार को अवकाश घोषित कर सकते हैं। पूर्व में विभाग द्वारा 29 दिसम्बर 2025 को जारी कैलेंडर में 31 मार्च 2026 को ही सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश नियत किया गया था।
सामाजिक संगठनों की मांग पर लिया निर्णय
राज्य शासन ने यह कदम विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा सौंपे गए ज्ञापनों और उनके सुझावों पर विचार करने के बाद उठाया है। आदेश के अनुसार यदि किसी जिले में महावीर जयंती का पर्व 31 मार्च को ही मनाया जा रहा है, तो वहां पूर्ववत आदेश प्रभावी रहेगा और किसी नए निर्देश की आवश्यकता नहीं होगी। इसके विपरीत यदि पर्व 30 मार्च को मनाया जाना सुनिश्चित है, तो संबंधित जिला कलेक्टर को पृथक से आदेश जारी करने की शक्ति प्रदान की गई है। इस लचीले रुख से स्थानीय त्योहार की सार्थकता और कर्मचारियों की सुविधा के बीच समन्वय स्थापित होगा।
कर्मचारी संघ ने जताया शासन का आभार
प्रशासन के इस संवेदनशील निर्णय का मध्य प्रदेश राज्य कर्मचारी संघ ने स्वागत किया है। हर्ष व्यक्त करने वालों में अटल उपाध्याय, नरेश शुक्ला, प्रशांत सौंधिया, रजनीश पांडेय, पंकज दुबे और विनय नामदेव शामिल हैं। इनके साथ ही विवेक मिश्रा, राहुल पांडेय, सुनील पचौरी, के जी पाठक, दाल चंद पासी, बृजेश मिश्रा, रामदास बरकड़े, हरीश पचौरी, योगेंद्र मिश्रा और राम शंकर शुक्ला ने भी खुशी जताई है। संघ के अन्य सदस्य मंसूर वेग, गगन चौबे, अर्जुन सोमवंशी, सांध्य पाठक, ममता दुबे, रीता खण्डेलवाल, सुनीता घंगोरिया, सुरेन्द्र जायसवाल, रेखा पवार और राकेश उपाध्याय ने शासन के प्रति कृतज्ञता प्रकट की है।
