रीवा. मध्य प्रदेश के रीवा में बंदरों के हमले में एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसे 100 से अधिक टांके लगाए गए हैं. किसान अपने खेत में सब्जी की फसल की रखवाली कर रहा था. इसी दौरान वहां बंदरों की उत्पाती गैंग पहुंच गई. जिसके बाद सभी बंदर फसल खाने के लिए टूट पड़े. जब किसान ने उन्हें रोकने और भगाने की कोशिश की, तो बंदरों ने किसान पर हमला कर दिया. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
रीवा के त्योंथर तहसील क्षेत्र अंतर्गत जनेह थाना क्षेत्र के दाढ़ाकला गांव निवासी किसान हरिकेश सिंह अपने खेत में सब्जी की फसल बोई थी. जिसमें बंदरों ने धावा बोल दिया. जब किसान ने फसल बर्बाद करने और खाने से बंदरों को रोका, तो वे उग्र हो गए. जिसके बाद किसान पर हमला कर दिया. घटना के बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे प्रयागराज रेफर कर दिया गया.
100 से अधिक टांके लगे
बंदरों ने किसान को इतना जख्मी कर दिया कि डॉक्टरों को 100 से भी अधिक टांके लगाने पड़े. बंदरों ने किसाने को दांतों से काटा है, जिससे उसके शरीर पर गंभीर जख्म हुए हैं. फिलहाल प्रयागराज में किसान का इलाज चल रहा है. वहीं, उपचार के बाद किसान की हालत स्थिर है, लेकिन घटना को लेकर अन्य किसानों के बीच काफी आक्रोश है. उन्होंने बंदरों के आतंक से जल्द छुटकारा दिलाने के लिए वन विभाग के अधिकारियों से अपील की है.
