जबलपुर. रेलवे ने सभी रेल जोनों में सटीक योजना और समन्वित कार्यान्वयन के माध्यम से यह सुनिश्चित किया है कि देश भर के यात्री होली के त्योहार के लिए आसानी और आराम से अपने घर जा सकें। इसी कड़ी में पश्चिम मध्य रेलवे ने जबलपुर, भोपाल एवं कोटा क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों पर विस्तृत व्यवस्था की है, विशेष रूप से देश के उत्तर भारत हिस्सों में होली मनाने के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए। जबलपुर, भोपाल एवं कोटा जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधाजनक और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित करने के लिए निर्धारित होल्डिंग एरिया, हेल्प डेस्क बूथ, खान-पान स्टॉल और अतिरिक्त टिकट काउंटर जैसी सुविधाएं स्थापित की गई हैं।
पश्चिम मध्य रेलवे ने होली के त्योहार के सीजन के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने के लिए व्यापक व्यवस्था की है, जिससे अपने गृहनगर जाने वाले यात्रियों के लिए सुचारू, सुरक्षित और परेशानी मुक्त यात्रा सुनिश्चित हो सके। इन प्रयासों के हिस्से के रूप में, पश्चिम मध्य रेलवे ने बढ़ी हुई मांग को पूरा करने के लिए फरवरी के अंतिम सप्ताह से मार्च तक होली स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
पमरे से चल रही 41 ट्रिप स्पेशल ट्रेन
पश्चिम मध्य रेल ने 25 फरवरी से रानी कमलापति, जबलपुर और कोटा जैसे प्रमुख शुरुआती स्टेशनों से रीवा, निजामुद्दीन, अयोध्या धाम, दानापुर और मथुरा जैसे मुख्य गंतव्यों के लिए 41 ट्रिप स्पेशल ट्रेनें संचालित कीं जा रही है। इस अवधि के दौरान, इन विशेष ट्रेनों से आरक्षित और अनारक्षित दोनों कोचों में अधिक से अधिक यात्रियों ने यात्रा की। इन होली स्पेशल ट्रेनों में अपने गृहनगर वापस जाने वाले आम यात्रियों, जिनमें कामकाजी पेशेवर, छात्र और दैनिक वेतन भोगी आदि शामिल हैं, उन्हें कन्फर्म सीटें प्रदान कर रही हैं। कनेक्टिविटी बढ़ाकर और नियमित सेवाओं पर निर्भरता कम करके, ये विशेष ट्रेनें एक साथ त्योहार मनाने वाले परिवारों के लिए घर की तनावमुक्त और समय पर यात्रा सुनिश्चित कर रही हैं।
लगातार हो रही उद्घोषणाएं
त्योहारों की भीड़ को कुशलतापूर्वक संभालने के लिए डब्लूसीआर ने कई समन्वित उपाय लागू किए, जिनमें भ्रम से बचने के लिए विशेष ट्रेनों के बारे में बार-बार घोषणाएं करना, इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड के माध्यम से ट्रेनों की वास्तविक समय की जानकारी देना और स्टेशनों पर यात्रियों को उचित मार्गदर्शन और सहायता प्रदान करना शामिल है। प्रचार अभियानों के माध्यम से यात्रियों को ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) और रेल वन ऐप के जरिए टिकट खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया गया, जबकि प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से जानकारी व्यापक रूप से प्रसारित की गई। पर्याप्त रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और टिकट चेकिंग स्टाफ तैनात किया गया था, और निरंतर निगरानी ने विशेष ट्रेनों के समयबद्ध संचालन को सुनिश्चित किया। सुरक्षित रूप से ट्रेन में चढऩे और उतरने की सुविधा के लिए प्रभावी भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर दिया गया, जिसके तहत फुट ओवर ब्रिज, प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वारों के साथ-साथ ट्रेनों के भीतर भी आरपीएफ कर्मियों को तैनात किया गया।
पमरे की व्यवस्थाओं को यात्रियों ने सराहा
यात्रियों ने होली के दौरान पश्चिम मध्य रेलवे द्वारा की गई विशेष तैयारियों और व्यवस्थित भीड़ प्रबंधन की भी प्रशंसा की। उनका कहना था कि सुरक्षित बोर्डिंग व्यवस्था और स्पष्ट मार्गदर्शन ने उनकी यात्रा को सुगम और तनावमुक्त बना दिया, जिससे त्योहारों की भीड़ के दौरान काफी राहत मिली। पश्चिम मध्य रेलवे यात्रियों की मांग की बारीकी से निगरानी करना जारी रखे हुए है और यात्रा के पीक सीजन के दौरान सुरक्षित, कुशल और यात्री-अनुकूल सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। रेलवे के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्राप्त फीडबैक व्यवस्थाओं के प्रति यात्रियों की उच्च संतुष्टि को दर्शाता है।
