जबलपुर। एमपी के जबलपुर में रानीताल स्थित भाजपा के संभागीय कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के तहत आज बड़ी बैठक शुरु हुई है। जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, मंत्री, विधायक व कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। यहां कार्यकर्ताओं को वैचारिक स्पष्टता, सांगठनिक कौशल व नेतृत्व क्षमता में सक्षम बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण के दौरान वैचारिक सत्र, योग और विभिन्न संगठनात्मक चर्चाएं आयोजित की जाती हैं।
इस मौके पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रशिक्षण का क्रम जारी रखने के कारण ही भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। इसीलिए हमारी सरकार जनहितैषी कार्य में अपने संगठन की ताकत लगाती है। संगठन की मजबूती के लिएए कार्यकर्ताओं को आधार बनाने और सक्रियता के लिए प्रशिक्षण वर्ग की आवश्यकता होती है। मुझे प्रसन्नता है कि जब से हेमंत खंडेलवाल अध्यक्ष बने हैं वे ऐसे कार्यों को गति देते जा रहे हैं। हम सरकार के मुखिया भले ही हैं लेकिन एक कार्यकर्ता होने के भाव से हमारे सांसद, विधायक और मंत्री दोनों दायित्वों का बराबरी से निभा रहे हैं। आज जबलपुर, रीवा, शहडोल सहित चार संभाग का प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जा रहा है।
डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल भी पहुंचे-
प्रशिक्षण अभियान में शामिल होने के लिए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल रीवा से जबलपुर पहुंचे। श्री शुक्ल ने कहा कि भाजपा अपने उद्देश्यों को लेकर राजनीति के क्षेत्र में एक मिशन की तरह काम कर रहा है। उस मिशन को पूरा करने के लिए लगातार इस प्रकार के प्रशिक्षण और ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कार्यकर्ता अपने विचारों के प्रति प्रतिबद्धता के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन ठीक प्रकार से कर सकें, इसके लिए इस तरह के कार्यक्रम होते हैं। इससे हम सबको बहुत फायदा होता है।