khabar abhi tak

कृषि मेला मेँ मिलेट्स से बने व्यंजनों का तड़का


जबलपुर।
मोटे अनाजों को बढ़ावा देने और किसानों को  आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने के उद्देश्य से कृषि वर्ष -2026 के अंतर्गत बुधवार को जबलपुर में पुलिस लाईन स्थित हॉकी ग्राउंड में तीन दिवसीय कृषि मेला एवं श्रीअन्न फूड फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ हुआ। श्रीअन्न (मिलेट्स) से बने व्यंजनों की महक, स्थानीय संस्कृति एवं आधुनिक कृषि यंत्रों का संगम बने कृषि मेला एवं श्रीअन्न फूड फेस्टिवल के पहले दिन ही बड़ी संख्या में लोगों ने दिलचस्पी दिखाई और आयोजन स्थल पहुँचकर इसकी गरिमा को बढाकर इसे मिलने वाली व्यापक सफलता के संकेत दिये। 


कृषि मेला एवं श्रीअन्न फूड फेस्टिवल के शुभारंभ पर मुख्य अतिथि के रूप में जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ पी के मिश्रा, भाजपा के जिला अध्यक्ष राजकुमार पटेल, जिला पंचायत की कृषि स्थाई समिति के अध्यक्ष मनोहर सिंह, जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय के डॉ टी आर शर्मा, मंगलायतन यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ एस पी तिवारी, संयुक्त संचालक कृषि के एस नेताम और मल्टीलेयर फार्मिंग विशेषज्ञ आकाश चौरसिया मौजूद रहे। उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम और विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने इन अतिथियों का स्वागत किया।


किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा 11 से 13 मार्च तक लगाये जा रहे कृषि मेला एवं फूड फेस्टिवल के शुभारंभ पर कृषक संगोष्ठी का आयोजन भी किया गया और कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों से चर्चा की। इस अवसर पर अतिथियों ने श्रीअन्न से बने सेहतमंद व्यंजनों के स्टॉलों का अवलोकन किया। इसमें   पातालकोट की रसोई ने सभी का मन मोह लिया। 

फूड फेस्टिवल में मिलेट्स से बने लजीज व्यंजनों ने आगंतुकों का मन मोह लिया है। यहाँ स्वाद और सेहत का अनूठा संगम देखने को मिला। बाजरा की खिचड़ी, कुटकी भात, चने की भाजी और ज्वार की घुंघरी,  रागी-कुटकी का इडली सांभर, मल्टी मिलेट कुकीज और ज्वार बनाना केक इन लजीज व्यंजनों में शामिल है। इसके अलावा मक्का-बाजरा की रोटियां, मुनगा कढ़ी और कोदो-कुटकी की खीर, महुआ के लड्डू और महुआ की पूड़ी-रबड़ी विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मेले के दौरान शाम को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों और ऑर्केस्ट्रा ने माहौल को उत्सव मय बना दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak