जबलपुर। रामनवमी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में श्री सनातन धर्म महासभा महिला मंडल द्वारा भव्य आयोजन किया जा रहा है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जन्मोत्सव पर आज संस्कारधानी की नारी शक्ति अपनी श्रद्धा और उत्साह का प्रदर्शन करेगी। शास्त्री ब्रिज स्थित नरसिंह मंदिर से आज सायंकाल 4 बजे विशाल मातृ शक्ति स्कूटर वाहन रैली का शुभारंभ होगा। इस रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना जगाना और नारी शक्ति की एकजुटता को प्रदर्शित करना है।
मिलेगा पूज्य संतों का सानिध्य
इस भव्य वाहन रैली को श्रीमद् जगतगुरु डॉ. स्वामी नृसिंहदेवाचार्य जी महाराज और अन्य वरिष्ठ संतगण केसरिया ध्वज दिखाकर रवाना करेंगे। रैली की संयोजक डॉ. वाणी अहलुवालिया के अनुसार, यह यात्रा नरसिंह मंदिर से शुरू होकर नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरेगी। इसमें आदि शंकराचार्य चौक, गोरखपुर बाजार और श्री कृष्ण मन्दिर गोरखपुर द्वार से होते हुए वाहन रैली आजाद चौक पहुंचेगी। इसके बाद कटंगा तिराहा और हांडा पेट्रोल पम्प से होते हुए रतन कॉलोनी और दुर्गा मंदिर मार्ग से हाथीताल की ओर प्रस्थान करेगी।रैली का अंतिम चरण सनातन धर्म स्कूल और कृपाल चौक से होते हुए श्री राम मंदिर मदन महल में संपन्न होगा, जहां रैली का विश्राम और समापन पूजन होगा। श्री सनातन धर्म महासभा महिला मंडल ने शहर की सभी माताओं, बहनों और बेटियों से इस धार्मिक आयोजन में समय पर सम्मिलित होने का आह्वान किया है। आयोजन की तैयारी पूर्ण कर ली गई है और पूरे मार्ग पर भगवा ध्वजों के साथ भव्य स्वागत की व्यवस्था की गई है।
