कोटा/जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल के मांडलगढ़ स्टेशन पर स्टेशन मास्टर और पॉइंट्समैन के बीच हुई मारपीट का मामला अब गरमा गया है। विवाद पमरे मुख्यालय जबलपुर से बढ़कर पीएमओ और रेल मंत्रालय तक पहुँच गया। यही नहीं इस मामले में अब आल इंडिया पॉइंट्समैन एसोसिएशन और आल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन भी आमने-सामने आ गये हैं.
यह है पूरा घटनाक्रम
दरअसल, गत मंगलवार को कोटा-चित्तौडग़ढ़ रेल खंड के मांडलगढ़ स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान एक पॉइंट्समैन और स्टेशन मास्टर के बीच प्लेटफॉर्म और ऑफिस में जमकर मारपीट भी हुई। इस घटना के बाद रेल प्रशासन ने पॉइंट्समैन को निलंबित कर दिया है, जिससे कर्मचारी संगठन और विशेषकर माली समाज के रेलकर्मियों में भारी रोष है।
हादसे से बाल-बाल बचा पॉइंट्समैन
विवाद की शुरुआत एक तकनीकी कार्य के दौरान हुई। पॉइंट्समैन जसराम माली ने आरोप लगाया कि जब वह ब्रिज कैलिब्रेशन के बाद पॉइंट में लगे क्लैम्प खोल रहा था, तभी स्टेशन मास्टर गणेश लाल मीणा ने अचानक पॉइंट चला दिया। जसराम के अनुसार, इस लापरवाही से उसकी उंगली पॉइंट में आते-आते बची। यह पूरी बातचीत रेलवे के वॉकी-टॉकी रिकॉर्डिंग में भी दर्ज होने की बात कही जा रही है। जसराम माली का आरोप है कि जब वह स्टेशन पहुंचा, तो स्टेशन मास्टर ने उस पर काम में कोताही का झूठा आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी।
सोशल मीडिया और ट्वीट के जरिए शिकायत
मामले की गंभीरता को देखते हुए ऑल इंडिया पॉइंट्समैन एसोसिएशन और कई रेल कर्मचारियों ने ट्वीट व अन्य माध्यमों से प्रधानमंत्री, रेल मंत्री, पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक और कोटा डीआरएम को शिकायत भेजी है।
स्टेशन मास्टर एसोसिएशन न खोला मोर्चा
इधर, ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन (कोटा शाखा) ने भी मोर्चा खोल दिया है। मंडल सचिव अमृतलाल मीणा ने डीआरएम को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि पॉइंट्समैन जसराम ने स्टेशन मास्टर गणेश लाल मीणा पर जानलेवा हमला किया। यह कृत्य संरक्षा नियमों और आदेशों की खुली अवहेलना है। एसोसिएशन ने जसराम के खिलाफ कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है, जिससे स्टेशन मास्टर कैडर में भारी रोष व्याप्त है।
एकतरफा कार्रवाई से कर्मचारियों में नाराजगी
इस घटना में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक गोवर्धन मीणा ने पॉइंट्समैन जसराम को निलंबित कर दिया है।कर्मचारी संगठनों और माली समाज का कहना है कि बिना किसी निष्पक्ष जांच के यह एकतरफा कार्रवाई है।
