जबलपुर। होली त्योहार पर पुलिस की तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। एसपी संपत उपाध्याय खुद प्वाइंट ड्यूटी पर पुलिस जवानों के साथ चैकिंग में जुटे। मौके पर दो पहिया से लेकर चार पहिया वाहनों को रोककर उनकी तलाशी और छानबीन की गई।
पुलिस अधीक्षक ने प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों, संवेदनशील स्थानों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता, अनुशासन एवं मुस्तैदी के साथ कर्तव्य निर्वहन करने के निर्देश दिये एवं असामाजिक तत्वों, हुड़दंग करने वालों एवं जबरन रंग लगाने अथवा विवाद उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध त्वरित एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा सक्रिय एवं आदतन अपराधियों पर विशेष निगरानी रखते हुये संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखने हेतु प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर सघन चैकिंग करने एवं नशे की हालत में वाहन चलाने, तेज गति, स्टंट, ट्रिपल राइडिंग एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की स्थिति निर्मित न हो।
इसके अतिरिक्त कंट्रोल रूम के माध्यम से सभी थाना प्रभारियों को क्षेत्र में सतत गश्त करने, त्वरित प्रतिक्रिया दल एवं डायल 112 को अलर्ट मोड पर रखने तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक, आपत्तिजनक या साम्प्रदायिक सौहार्द प्रभावित करने वाली सामग्री पर कड़ी निगरानी रखने हेतु निर्देशित किया गया।
