khabar abhi tak

जबलपुर: बैंक खुलते ही ठगी, वृद्ध के हाथ में थमा दिए कागज,नोट ले उड़े



बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए हैं, जिसमें दोनों संदिग्ध जालसाज वृद्ध के साथ बातचीत करते और गड्डी बदलते हुए कैद हुए हैं

जबलपुर। अधारताल थाना क्षेत्र अंतर्गत सुहागी स्थित एक बैंक में दिनदहाड़े ठगी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां जालसाजों ने एक वृद्ध को अपना निशाना बनाते हुए उनके 98 हजार रुपये पार कर दिए। पीड़ित वृद्ध की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक वृद्ध दत्तराम केवट अपनी जमा राशि निकालने के लिए सुहागी स्थित बैंक पहुंचे थे। उन्होंने बैंक काउंटर से 98 हजार रुपये की नकदी निकाली और उसे लेकर बैंक के अंदर ही रुके थे। इसी दौरान वहां मौजूद दो अज्ञात युवकों ने उन्हें अपनी बातों के जाल में उलझा लिया। शातिर ठगों ने बेहद सफाई से दत्तराम के हाथ में मौजूद असली नोटों की गड्डी को नकली गड्डी से बदल दिया। वृद्ध जब तक कुछ समझ पाते, दोनों आरोपी बैंक से बाहर निकलकर फरार हो चुके थे।

​गड्डी के बीच में निकले खाली कागज

​जालसाजों के जाने के कुछ देर बाद जब दत्तराम केवट ने अपने पास मौजूद नोटों की गिनती शुरू की, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। आरोपियों ने ठगी के लिए जो गड्डी थमाई थी, उसमें ऊपर और नीचे की तरफ तो असली नोट की तरह दिखने वाले कागज लगे थे, लेकिन बीच के हिस्से में केवल खाली कागज भरे हुए थे। पीड़ित ने तुरंत इस घटना की जानकारी बैंक प्रबंधन को दी, जिसके बाद अधारताल थाना पुलिस को सूचित किया गया। बैंक परिसर में दिनदहाड़े हुई इस घटना से वहां मौजूद अन्य ग्राहकों में भी असुरक्षा का माहौल देखा गया।

​सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश

​पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए हैं, जिसमें दोनों संदिग्ध जालसाज वृद्ध के साथ बातचीत करते और गड्डी बदलते हुए कैद हुए हैं। अधारताल पुलिस ने फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की शिनाख्त शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में भी लगे कैमरों की जांच की जा रही है ताकि आरोपियों के भागने के मार्ग का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि हुलिए के आधार पर जल्द ही दोनों ठगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post
khabar abhi tak
khabar abhi tak
khabar abhi tak